लखनऊ में बड़ा हादसा: छपरा आ रही बस खाई में गिरी, 3 की मौत, 45 जख्मी, बिहार में मची चीख-पुकार

Spread the love

राजस्थान से छठ मनाने घर लौट रहे थे यात्री, लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे पर सुबह 6:30 बजे बेकाबू होकर 40 फीट गहरी खाई में गिरी बस

लखनऊ / छपरा। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में सोमवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे बिहार को हिला कर रख दिया। लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे पर राजस्थान से बिहार के छपरा आ रही यात्रियों से भरी बस अचानक अनियंत्रित होकर सड़क से उतर गई और करीब 40 फीट गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में 3 यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 45 से ज्यादा यात्री जख्मी हो गए।

हादसा सुबह करीब 6:30 बजे पारा थाना क्षेत्र में एक्सप्रेसवे के जीरो प्वाइंट के पास हुआ। बस में 50 से 60 यात्री सवार थे। बस के खाई में गिरते ही यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। आसपास के लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।

छठ के लिए घर लौट रहे थे यात्री

बताया जा रहा है कि बस राजस्थान के भिवाड़ी से चलकर बिहार के छपरा जा रही थी। बस में सवार ज्यादातर यात्री छठ महापर्व मनाने के लिए अपने घर लौट रहे थे। किसी को क्या पता था कि घर पहुंचने से पहले ही रास्ते में इतना बड़ा हादसा हो जाएगा। हादसे की खबर मिलते ही छपरा और सिवान के गांवों में कोहराम मच गया। परिजन अपने अपनों का हाल जानने के लिए अस्पतालों में फोन करने लगे।

रेस्क्यू में जुटी पुलिस और स्थानीय लोग

सूचना मिलते ही पुलिस, फायर ब्रिगेड और एंबुलेंस की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। स्थानीय लोगों ने भी राहत कार्य में बढ़-चढ़कर मदद की। बस में फंसे यात्रियों को काफी मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया। सभी घायलों को तुरंत लखनऊ के नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां कई की हालत गंभीर बताई जा रही है।

जांच में जुटी पुलिस

पुलिस ने हादसे की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में ड्राइवर को झपकी आना और तेज रफ्तार हादसे की वजह मानी जा रही है। बस को क्रेन की मदद से खाई से बाहर निकाला गया है।

Please follow and like us:
Verified by MonsterInsights