मुजफ्फरपुर ( बिहार) : जिला के सदर थाना क्षेत्र के गोबरसही-डुमरी मुख्य मार्ग पर सोमवार दोपहर लगभग 12:10 बजे नाला निर्माण के दौरान बड़ा हादसा हो गया। जेसीबी से खुदाई के दौरान भूमिगत PNG गैस पाइपलाइन क्षतिग्रस्त होने से गैस लीकेज और जोरदार विस्फोट हुआ।

मौके पर प्रशासन
घटना की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी कुमार गौरव और वरीय पुलिस अधीक्षक कांतेश कुमार मिश्र घटनास्थल पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने जनप्रतिनिधियों और स्थानीय निवासियों से भी संपर्क कर प्रशासन द्वारा किए जा रहे कार्यों की जानकारी दी।
जिलाधिकारी ने बताया कि प्रशासन, पुलिस, स्वास्थ्य विभाग, फायर ब्रिगेड, SDRF और IOCL की टीमें मौके पर मौजूद हैं और SOP के अनुसार लोगों की सहायता के लिए सभी आवश्यक कार्रवाई कर रही हैं। रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है। अनुमंडल पदाधिकारी एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी को राहत एवं बचाव कार्यों के अनुश्रवण का निर्देश दिया गया है।

हताहत और क्षति
प्राप्त सूचना के अनुसार इस घटना में 1 व्यक्ति की मृत्यु हो गई। गंभीर रूप से घायल 2 लोगों का इलाज SKMCH में चल रहा है जबकि 2 अन्य घायलों का उपचार सदर अस्पताल में किया जा रहा है। सिविल सर्जन एवं चिकित्सकों को घायलों के उपचार पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया गया है।
घटना में कुछ मकानों की भी क्षति हुई है, जिसका आकलन किया जा रहा है। सरकार द्वारा निर्धारित प्रावधानों के अनुरूप मृतक के परिजन, घायलों तथा क्षतिग्रस्त मकानों के स्वामियों को सहायता प्रदान की जाएगी।
कैसे हुआ हादसा और जांच के आदेश
प्राथमिक सूचना के अनुसार पथ निर्माण विभाग द्वारा सड़क पर नाला निर्माण के दौरान जेसीबी से खुदाई की जा रही थी। इसी दरम्यान गैस पाइपलाइन फटने से लीकेज और विस्फोट हुआ।

जिलाधिकारी ने कहा कि घटना की उच्च-स्तरीय जांच कराई जाएगी। इसके लिए अपर समाहर्ता, आपदा प्रबंधन, मुजफ्फरपुर की अध्यक्षता में त्रि-सदस्यीय इंक्वायरी कमिटी गठित की गई है, जिसमें अनुमंडल पदाधिकारी, मुजफ्फरपुर पूर्वी एवं जिला अग्निशमन पदाधिकारी शामिल हैं। समिति को 24 घंटे के अंदर जांच कर रिपोर्ट देने का निर्देश दिया गया है। जांच में दोषी पाए जाने पर जिम्मेदारी तय कर सख्त कार्रवाई होगी और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए SOP तैयार कर दृढ़ता से अनुपालन कराया जाएगा।
