मुख्यमंत्री नीतीश कुमार बुधवार को समृद्धि यात्रा कार्यक्रम के तहत पहुंचेंगे जमुई

Spread the love

. आयुक्त और पुलिस उप-महानिरीक्षक ने किया प्रस्तावित कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण।

. अधिकारियों को दिए गए आवश्यक दिशा निर्देश।

जमुई। आगामी 18 मार्च 2026 को बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की जमुई में प्रस्तावित ‘समृद्धि यात्रा’ के सफल एवं सुरक्षित आयोजन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से प्रशासनिक मुस्तैदी चरम पर है। इसी क्रम में आज मुंगेर प्रमंडल के आयुक्त प्रेम सिंह मीणा (भा.प्र.से.) और मुंगेर रेंज के पुलिस उप-महानिरीक्षक राकेश कुमार ( भा. पु. से.) ने संयुक्त रूप से भ्रमण कर तैयारियों की प्रगति का विस्तृत जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान जिला पदाधिकारी नवीन (भा.प्र.से.) और पुलिस अधीक्षक विश्वजीत दयाल (भा.पु.से.) ने नवनिर्मित कुंड घाट जलाशय, निर्माणाधीन हेलीपैड और मुख्य सभास्थल का भ्रमण कराकर कार्य की गुणवत्ता और गति से आयुक्त को अवगत कराया। साथ ही, सरकार की उपलब्धियों को प्रदर्शित करने वाले विभिन्न विभागीय स्टॉलों की व्यवस्थाओं की भी बारीकी से समीक्षा की गई।

स्थल निरीक्षण के दौरान आयुक्त प्रेम सिंह मीणा ने एक-एक बिंदु पर कार्य की प्रगति को देखा। उन्होंने विशेष रूप से जनसंवाद स्थल पर आम नागरिकों के लिए बुनियादी सुविधाओं और सुरक्षा व्यवस्था को प्राथमिकता देने की बात कही। आयुक्त ने स्पष्ट किया कि सभी विभाग ‘मिशन मोड’ में आपसी तालमेल बिठाते हुए अंतिम तैयारियों को मूर्त रूप दें ताकि कार्यक्रम के दौरान किसी भी प्रकार की असुविधा न हो। सुरक्षा के मोर्चे पर पुलिस उप-महानिरीक्षक और जिला प्रशासन ने पूरे क्षेत्र को एक अभेद्य किले के रूप में विकसित करने की रणनीति साझा की।

वही अधिकारियों ने हेलीपैड से लेकर मुख्य सभास्थल और कुंड घाट जलाशय तक के सुरक्षा प्रोटोकॉल की समीक्षा की, जिसमें वीआईपी मूवमेंट के लिए चिन्हित रूटों, भीड़ नियंत्रण (क्राउड मैनेजमेंट) और रणनीतिक स्थानों पर पुलिस बल की तैनाती जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई। सुरक्षा मानकों को सुदृढ़ करते हुए सुरक्षा बलों को निरंतर अलर्ट मोड पर रहने और असामाजिक तत्वों पर पैनी नजर रखने का सख्त निर्देश दिया गया। इस अवसर पर विभिन्न विभागों के वरीय पदाधिकारी उपस्थित थे।

Please follow and like us:
Verified by MonsterInsights