पटना: निगरानी अन्वेषण ब्यूरो, बिहार, पटना को भ्रष्टाचार के विरुद्ध बड़ी सफलता मिली है। ब्यूरो की टीम ने आज दिनांक 03.11.2026 को दो अलग-अलग जिलों में कार्रवाई करते हुए तीन विशेष सर्वे अमीनों को रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।
पहला मामला – गयाजी:
निगरानी थाना कांड सं0-128/26 में सदर अंचल, जिला- गयाजी के दो विशेष सर्वे अमीन श्री दीपू कुमार एवं श्री अभिषेक कुमार को 7,000 रुपये रिश्वत लेते हुए राय काशीनाथ मोड़, सिविल लाइन स्थित APR मॉल के सामने से गिरफ्तार किया गया।
परिवादी रोहित कुमार, थाना- कोतवाली, गयाजी ने शिकायत की थी कि सरकारी चालान जमा कर भूमि मापी कराने के बाद मापी रिपोर्ट बनाने के एवज में दोनों अमीन रिश्वत मांग रहे हैं। सत्यापन में आरोप सही मिलने पर डीएसपी मो. वसीम फिरोज के नेतृत्व में धावादल ने ट्रैप कर दोनों को पकड़ा।

दूसरा मामला – सहरसा:
दूसरी कार्रवाई निगरानी थाना कांड सं0-129/26 में की गई। सोनवर्षा अंचल के नोनैती मौजा के विशेष सर्वे अमीन श्री दीपक राज को 5,000 रुपये रिश्वत लेते हुए उनके किराये के आवास-सह-निजी कार्यालय, मंगवार, थाना- बसनही, सहरसा से गिरफ्तार किया गया।
परिवादी प्रभात कुमार, सहरसा ने शिकायत की थी कि उनकी पैतृक जमीन का सर्वे करने के एवज में अमीन रिश्वत मांग रहा है। डीएसपी अमरेन्द्र प्रसाद विद्यार्थी के नेतृत्व में टीम ने कार्रवाई की।

ब्यूरो का रिकॉर्ड:
ब्यूरो के अनुसार वर्ष 2026 में यह 128वां एवं 129वां FIR है। इस साल कुल 130 कांड अनुसंधान में हैं, जिनमें 117वां और 118वां ट्रैप कांड है। अब तक कुल 119 अभियुक्त गिरफ्तार हो चुके हैं और कुल 40,60,400 रुपये और एक वाशिंग मशीन बरामद हुई है। यह पिछले 25 साल के औसत (47 केस) से 2.5 गुणा अधिक है।
