खटाल बचाने धनबाद पहुंचे सांसद पप्पू यादव, बारामुड़ी आंदोलन में भरेंगे हुंकार, स्टेशन पर समर्थकों ने किया जोरदार स्वागत

Spread the love

मेमको मोड़ में आज 11 बजे ‘खटाल बचाओ-गरीब बचाओ’ आक्रोश रैली, छठ तक मिली है मोहलत, 19 नवंबर को अगली सुनवाई

धनबाद। बारामुड़ी खटाल बचाव आंदोलन ने अब सियासी तूल पकड़ लिया है। आंदोलन को समर्थन देने पूर्णिया के सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव मंगलवार को धनबाद पहुंचे। धनबाद रेलवे स्टेशन पर यादव महासभा, संयुक्त मोर्चा और कांग्रेस समर्थकों ने ढोल-नगाड़ों के साथ उनका जोरदार स्वागत किया।

प्रशासन द्वारा बारामुड़ी खटाल में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू करने के बाद से वहां बसे सैकड़ों पशुपालक परिवारों में आक्रोश है। प्रभावित परिवार पुनर्वास की मांग कर रहे हैं। इसी मांग को लेकर बारामुड़ी खटाल बचाओ संघर्ष मोर्चा के बैनर तले आंदोलन चल रहा है।

कांग्रेस जिलाध्यक्ष संतोष सिंह और यादव महासभा के नेता कारू यादव के आह्वान पर सांसद पप्पू यादव इस आंदोलन में शामिल होने आए हैं।

आज 4 नवंबर को सुबह 11 बजे मेमको मोड़ से विशाल आक्रोश रैली निकाली जाएगी, जो जनसभा में तब्दील होगी। रैली में पप्पू यादव मुख्य वक्ता के रूप में शामिल होकर जनसभा को संबोधित करेंगे। इस दौरान मंत्री संजय यादव के भी शामिल होने की संभावना है।

आयोजक कारू यादव ने कहा कि अपराधियों की आड़ में गरीबों के आशियाने पर बुलडोजर चलाना बर्दाश्त नहीं होगा। प्रशासन ने खटाल उजाड़ने की कोशिश की तो पशुपालक अपने पशुओं के साथ सड़क पर उतरेंगे और आर-पार की लड़ाई लड़ी जाएगी।

बता दें कि खटाल संचालकों को फिलहाल छठ पूजा तक की मोहलत मिली है। मामले में अगली सुनवाई 19 नवंबर को होनी है। अब पप्पू यादव की एंट्री के बाद सबकी नजरें इस आंदोलन पर टिकी हैं।

Please follow and like us:
Verified by MonsterInsights