झारखंड, धनबाद में सियासी पारा एक बार फिर चढ़ गया है। धनबाद के सांसद ढुलू महतो द्वारा झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (JLKM) के खिलाफ की गई कथित अमर्यादित टिप्पणी को लेकर JLKM कार्यकर्ता सड़क पर उतर आए। मंगलवार शाम जिला मुख्यालय स्थित रणधीर वर्मा चौक पर JLKM ने जोरदार प्रदर्शन कर सांसद ढुलू महतो का पुतला दहन किया।
प्रदर्शन का नेतृत्व जिलाध्यक्ष शक्तिनाथ महतो उर्फ शक्ति महतो ने किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने सांसद के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और कहा कि राजनीतिक विरोध अपनी जगह है, लेकिन किसी पार्टी और उसके नेतृत्व के खिलाफ अमर्यादित भाषा बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बाघमारा भू-धंसान और कोयला चोरी पर सांसद को घेरा
प्रदर्शन के दौरान JLKM नेताओं ने सांसद की कार्यशैली पर तीखे सवाल उठाए। नेताओं ने कहा कि जब पूरा बाघमारा क्षेत्र भू-धंसान की त्रासदी झेल रहा है, लगातार हादसे हो रहे हैं और लोगों की जान जा रही है, तो इस अति-संवेदनशील मुद्दे पर सांसद की चुप्पी क्यों है?
सिंदरी की पूर्व प्रत्याशी उषा महतो ने कहा कि क्षेत्र में कोयले का अवैध कारोबार धड़ल्ले से चल रहा है, लेकिन कोयला माफियाओं के खिलाफ सांसद कुछ नहीं बोलते। उनकी चुप्पी पूरी तरह से संदेहास्पद है।
माफियाओं के नाम सार्वजनिक करने की चुनौती
JLKM नेताओं ने सांसद को खुली चुनौती देते हुए कहा कि माफिया के नाम पर सिर्फ बयानबाजी करने से कुछ नहीं होगा। अगर हिम्मत है तो धनबाद में सक्रिय असली माफियाओं के नाम सार्वजनिक करें। पार्टी ने आरोप लगाया कि कुछ लोग सिर्फ माफिया के नाम पर अपनी राजनीतिक रोटियां सेक रहे हैं।
बारामुड़ी खटाल प्रकरण पर राजनीति का आरोप
JLKM के केंद्रीय प्रवक्ता सुशील मंडल ने आरोप लगाया कि सांसद बारामुड़ी खटाल का समर्थन अपनी आसपास की जमीन बचाने के लिए कर रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि अगर खटाल हटता है तो आसपास की जमीन पर भी प्रशासन की कार्रवाई हो सकती है, इसी डर से सांसद राजनीति कर रहे हैं। साथ ही सांसद पर माफिया तत्वों को परोक्ष रूप से संरक्षण देने का भी आरोप लगाया।
प्रदर्शन में महिला जिलाध्यक्ष भारती देवी, दीपक रवानी, सपन मोदक, हरेंद्र रजक, प्रकाश महतो, सुशील कुमार मंडल समेत बड़ी संख्या में JLKM कार्यकर्ता मौजूद रहे।
