मुजफ्फरपुर : जिला के सदर थाना क्षेत्र के गोबरसही में हुए गैस रिसाव विस्फोट मामले में पुलिस ने सोशल मीडिया पर वायरल हो रही भ्रामक खबरों का खंडन किया है।
क्या है पूरा मामला?
वरीय पुलिस अधीक्षक कार्यालय द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, सोमवार को सदर थानान्तर्गत गोबरसही में नाला खुदाई के दौरान JCB द्वारा गैस पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हो गई, जिससे अचानक विस्फोट की घटना घटित हुई।

हादसे में 1 की मौत, 12 घायल
इस हादसे में 01 व्यक्ति की मृत्यु हुई है, जबकि 12 लोग जख्मी हुए हैं। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस-प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सभी घायलों को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है।
जिलाधिकारी मुजफ्फरपुर एवं वरीय पुलिस अधीक्षक, मुजफ्फरपुर द्वारा स्वयं घटनास्थल का निरीक्षण किया गया है।

10-15 मौतों की खबर झूठी – पुलिस ने किया खंडन
पुलिस ने बताया कि इस घटना को लेकर कुछ न्यूज चैनलों एवं सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर 10-15 लोगों की मृत्यु होने की भ्रामक व झूठी खबर फैलाई जा रही है। इससे आम लोगों के बीच अनावश्यक रूप से भय एवं दहशत का माहौल उत्पन्न किया जा रहा है।
मुजफ्फरपुर पुलिस ने सोशल मीडिया पर वायरल हो रही इन अप्रामाणिक और असत्य खबरों का खंडन किया है।
पुलिस की अपील
मुजफ्फरपुर पुलिस ने आम जनों से अपील की है कि वे ऐसी अफवाह एवं अपुष्ट खबरों पर ध्यान न दें। साथ ही चेतावनी दी है कि अफवाह फैलाने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
