मुजफ्फरपुर (बिहार) : जिला के मनियारी थाना पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। इलाके क सुबधियानूर गांव में एक ही रात में चार घरों में हुई चोरी की गुत्थी को पुलिस ने महज 48 घंटे में सुलझा लिया है। इस मामले में पुलिस ने एक नाबालिग को हिरासत में लिया है, जिसकी निशानदेही पर चोरी का पूरा सामान बरामद कर लिया गया है।
एक ही रात में 4 घरों को बनाया था निशाना
जानकारी के अनुसार, 4 और 5 नवंबर की रात अज्ञात चोर ने सुबधियानूर गांव में चार घरों को निशाना बनाया था। चोर घरों से सोने-चांदी के आभूषण, नकद रुपये और अन्य घरेलू सामान लेकर फरार हो गया था।घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल था। पीड़ित अमरनाथ साह के आवेदन पर मनियारी थाना में कांड संख्या 324/26 दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की।

सीसीटीवी और तकनीकी जांच से खुला राज
मनियारी पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज को खंगाला। साथ ही आसूचना संकलन और तकनीकी अनुसंधान किया गया।इसी आधार पर 6 नवंबर को पुलिस ने घटना में शामिल एक विधि-विरुद्ध बालक को निरुद्ध कर लिया। पूछताछ में उसने चोरी की बात स्वीकार की।

आंगन और बांसवारी में छिपाया था सामान
निरुद्ध बालक की निशानदेही पर पुलिस ने उसके घर के आंगन और बांसवारी में छापेमारी की। वहां से चोरी किए गए सभी सामान बरामद कर लिए गए।
क्या-क्या बरामद हुआ?
• सोने और चांदी के आभूषण
• बैग, कपड़े, बर्तन और अन्य घरेलू सामग्री
इस मामले को लेकर इलाके के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अनिमेषचंद्र ज्ञानी का कहना है कि मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है और यह पता लगाया जा रहा है कि इस चोरी में और कोई शामिल था या नहीं।
