मुजफ्फरपुर। जिला में कानून व्यवस्था को और बेहतर करने के लिए वरीय पुलिस अधीक्षक कांतेश कुमार मिश्रा ने बड़े स्तर पर अधिकारियों का तबादला किया है। तिरहुत प्रक्षेत्र के पुलिस उपमहानिरीक्षक (डीआईजी) की स्वीकृति के बाद जिला पुलिस बल के वरीय पुलिस कप्तान (SSP) ने मंगलवार को यह फरमान जारी किया है। आदेश के मुताबिक 17 पुलिस निरीक्षकों को नई जिम्मेदारी दी गई है।
प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार यह तबादला कार्य की आवश्यकता और जनहित को देखते हुए किया गया है। इस फेरबदल में सबसे ज्यादा असर थानों पर दिखा है।

किन थानों में बदले थानाध्यक्ष?
- मोतीपुर थाना: अब नए थानाध्यक्ष के रूप में हेमंत कुमार कार्यभार संभालेंगे। वे पहले साइबर थाने में थे। • अहियापुर थाना: यहां अब मुन्ना गुप्ता नए थानाध्यक्ष होंगे। वे पहले नगर अंचल में अंचल निरीक्षक थे। • सरैया थाना: यातायात थाने से संतोष कुमार पंकज को सरैया का प्रभार दिया गया है। • यातायात थाना: मोतीपुर से संजीव कुमार सिंह को यातायात का नया थानाध्यक्ष बनाया गया है। • महिला थाना: मुशहरी में अपर थानाध्यक्ष रहीं स्नेहा को महिला थाने की कमान सौंपी गई है।
अंचल निरीक्षकों की नई तैनाती
अंचल स्तर पर भी बदलाव हुआ है। शरत कुमार को पारू अंचल, मनोज कुमार को कांटी अंचल, रोहन कुमार को सदर बी अंचल और अरविन्द कुमार को नगर अंचल का नया अंचल पुलिस निरीक्षक बनाया गया है।
एक थानाध्यक्ष पर कार्रवाई
लिस्ट में एक नाम पर विभागीय कार्रवाई भी की गई है। बेनीबाद थाना के थानाध्यक्ष धीरेन्द्र कुमार सिंह को हटाकर पुलिस केन्द्र में पदस्थापित किया गया है और उनके विरुद्ध विभागीय कार्यवाही शुरू करने का निर्देश दिया गया है। उनके स्थान पर नगर थाने से मुन्ना कुमार को बेनीबाद भेजा गया है।
इसके अलावा हिंदी शाखा, कोर्ट सुरक्षा और सूचना शाखा के प्रभारियों में भी बदलाव किया गया है। सभी नव पदस्थापित अधिकारियों को तत्काल अपने नए कार्यस्थल पर योगदान देने को कहा गया है।
