बेला कोल्ड स्टोरेज में अमोनिया गैस रिसाव के बाद प्रशासन सख्त, बीएनएसएस की धारा-163 के तहत संचालन पर तत्काल रोक

Spread the love

मुजफ्फरपुर : शहर के बेला औद्योगिक क्षेत्र (फेज-2) स्थित ‘बेला कोल्ड स्टोरेज’ से अमोनिया गैस के रिसाव की पुष्टि होने के बाद जिला प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाया है। अनुमंडल पदाधिकारी (पूर्वी), मुजफ्फरपुर ने जन सुरक्षा और लोक स्वास्थ्य को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS), 2023 की धारा-163 के तहत आपातकालीन शक्तियों का प्रयोग कर प्रतिष्ठान के संचालन पर तत्काल प्रभाव से रोक लगा दी है।

विज्ञापन

PNG नहीं, कोल्ड स्टोरेज से हो रहा था अमोनिया रिसाव

प्रशासन द्वारा जारी आधिकारिक आदेश के अनुसार, 19 नवंबर 2026 को बेला औद्योगिक क्षेत्र में भूमिगत प्राकृतिक गैस (PNG) के रिसाव की सूचना मिली थी। इसके बाद अनुमंडल पदाधिकारी (पूर्वी) और आईओसीएल (IOCL) के पदाधिकारियों व कर्मियों की संयुक्त टीम ने मशीनों के जरिए स्थल की गहन जांच की। जांच में यह स्पष्ट हुआ कि पीएनजी पाइपलाइन से कोई रिसाव नहीं हो रहा है, बल्कि ‘बेला कोल्ड स्टोरेज’ से अमोनिया गैस का रिसाव हो रहा है। प्रशासन ने विगत समय में मुजफ्फरपुर के गोबरसही डुमरी में हुई पीएनजी पाइपलाइन ब्लास्ट की घटना को ध्यान में रखते हुए इस मामले को अत्यंत गंभीरता से लिया है।

सांकेतिक छवि

जानलेवा हो सकता है अमोनिया गैस का रिसाव

आदेश में उल्लेख किया गया है कि अमोनिया गैस के रिसाव से आसपास के निवासियों, प्रतिष्ठान के कामगारों और आम नागरिकों के जीवन व स्वास्थ्य पर गंभीर खतरा उत्पन्न हो सकता है। इसके संपर्क में आने वाले लोगों में आंखों और श्वसन तंत्र में तीव्र जलन, सांस लेने में कठिनाई और गंभीर स्थिति में जीवन के लिए संकट पैदा होने की आशंका रहती है।

प्रशासन के प्रमुख निर्देश:

  • ​संचालन पर पूर्ण प्रतिबंध: कोल्ड स्टोरेज के मालिक, प्रबंधक व संचालक को निर्देश दिया गया है कि वे प्रशिक्षित एवं सक्षम तकनीकी कर्मियों की सहायता से तत्काल रिसाव रोकने के सुरक्षा उपाय करें। गैस रिसाव की पुष्टि या सुरक्षा संदेह की स्थिति में संयंत्र, उपकरण, भंडारण, टैंक और पाइपलाइन का संचालन बंद रहेगा। बिना सक्षम तकनीकी विशेषज्ञ की लिखित सुरक्षा-संतुष्टि और संबंधित प्राधिकार की अनुमति/अनापत्ति (NOC) के प्रतिष्ठान का संचालन दोबारा शुरू नहीं किया जा सकेगा।
  • एक सप्ताह में मांगा अनुपालन प्रतिवेदन: प्रतिष्ठान संचालक को सभी आवश्यक सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करते हुए एक सप्ताह के भीतर वांछित कागजातों और तकनीकी विवरणी सहित अनुपालन प्रतिवेदन (Compliance Report) एसडीओ कार्यालय प्रकोष्ठ में प्रस्तुत कर अपना पक्ष रखने का आदेश दिया गया है।
  • भीड़ नियंत्रण और सुरक्षा घेरा: अनुमंडल अग्निशामालय पदाधिकारी (पूर्वी), मुशहरी के प्रखंड विकास पदाधिकारी व अंचल अधिकारी तथा बेला थानाध्यक्ष को घटनास्थल का स्थलीय निरीक्षण कर प्रभावित क्षेत्र और संभावित खतरे की सीमा का आकलन करने को कहा गया है। साथ ही, विधि-व्यवस्था संधारण के तहत क्षेत्र में आम नागरिकों की आवाजाही नियंत्रित करने और भीड़ को सुरक्षित दूरी पर रखने का निर्देश दिया गया है।
  • प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड से मांगी जांच रिपोर्ट: बिहार राज्य प्रदूषण नियंत्रण परिषद (औद्योगिक प्रांगण, बेला) के क्षेत्रीय पदाधिकारी को प्रतिष्ठान का तकनीकी व सुरक्षा संबंधी निरीक्षण कर गैस रिसाव के वास्तविक कारणों, सुरक्षा मानकों और पर्यावरणीय नियमों के अनुपालन की जांच रिपोर्ट सौंपने का अनुरोध किया गया है।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि स्थिति की जांच और तकनीकी प्रतिवेदन के आधार पर लोक उपद्रव के निराकरण हेतु बीएनएसएस की धारा-152 और अन्य सुसंगत विधिक प्रावधानों के तहत पृथक कानूनी कार्रवाई पर भी विचार किया जाएगा।

Please follow and like us:
Verified by MonsterInsights