पटना, बिहार। राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के नेता तेजस्वी यादव के बयान पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता सैयद शाहनवाज़ हुसैन ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। शाहनवाज़ हुसैन ने पुल निर्माण के श्रेय को लेकर विपक्ष के दावों को खारिज करते हुए इसे पूरी तरह से एनडीए (NDA) सरकार की उपलब्धि बताया है।
पटना में मीडिया से बातचीत करते हुए भाजपा नेता सैयद शाहनवाज़ हुसैन ने तेजस्वी यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि यह पुल राजद के खर्चे से नहीं बना है, बल्कि यह पूरी तरह से एनडीए सरकार की देन है। उन्होंने बिहार में विकास कार्यों का जिक्र करते हुए कहा कि राज्य में डबल इंजन की सरकार काम कर रही है और सम्राट चौधरी के नेतृत्व में हो रहे कार्यों की चर्चा पूरे देश में हो रही है।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का बचाव करते हुए हुसैन ने आगे कहा कि नीतीश कुमार ने इस संदर्भ में प्रधानमंत्री से मुलाकात की थी और उन्हीं के नाम पर यह सेतु बना है, जिससे उनके समर्थकों और चाहने वालों में खुशी की लहर है।
विपक्षी दलों की स्थिति पर टिप्पणी करते हुए भाजपा नेता ने कहा कि कांग्रेस और राजद को जनता दल यूनाइटेड (जदयू) की चिंता करने के बजाय इस बात की चिंता करनी चाहिए कि वे खुद क्यों खत्म हो रहे हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि जदयू पहले भी मजबूत थी, आज भी है और भविष्य में भी मजबूत बनी रहेगी।
