‘नीतीश सेतु’ के उद्घाटन पर बोले मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी— “पूरा पुल ही नीतीशमय हो गया, 2037 तक समृद्ध बिहार की कल्पना होगी साकार”

Spread the love

वैशाली (बिहार): बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शनिवार को वैशाली में ‘नीतीश सेतु’ के उद्घाटन समारोह के दौरान राज्य के विकास रोडमैप और पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के योगदान को लेकर अपनी बात रखी। मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में स्पष्ट किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और मार्गदर्शन में इस पुल का निर्माण और उद्घाटन संपन्न हुआ है।

​समारोह के दौरान पोस्टरों में पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की तस्वीर न होने को लेकर चल रही चर्चाओं पर विराम लगाते हुए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि प्रोटोकॉल और शिष्टाचार के तहत कार्यक्रम में प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री और अन्य मंत्रियों की तस्वीरें लगाई गई थीं। उन्होंने आगे कहा, “लोग चर्चा करते थे कि नीतीश कुमार की फोटो नहीं है। मैं तो कहना चाहता हूं कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में यह पूरा पुल ही नीतीशमय हो गया है, यह पूरा पुल ही नीतीश जी के नाम पर हो गया है।”

​2037 में समृद्ध बिहार और 2047 में विकसित भारत का लक्ष्य

राज्य और देश के भविष्य की योजनाओं का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्ष 2047 तक ‘विकसित भारत’ का लक्ष्य रखा है, और इस लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए बिहार का समृद्ध होना अनिवार्य है। उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के विजन को याद करते हुए कहा कि नीतीश कुमार ने हमेशा बिहार की समृद्धि का सपना देखा है।

​मुख्यमंत्री ने आगामी लक्ष्यों को रेखांकित करते हुए कहा कि वर्ष 2037 में जब बिहार अपनी स्थापना के 125 वर्ष पूरे करेगा, तब तक ‘समृद्ध बिहार’ की कल्पना को पूरी तरह जमीन पर उतारने का संकल्प लिया गया है। उन्होंने सरकार के एक वर्ष के कार्यकाल का उल्लेख करते हुए कहा कि केंद्र और राज्य के समन्वय से प्रदेश में बुनियादी ढांचे और विकास की गति को आगे बढ़ाया जा रहा है।

Please follow and like us:
Verified by MonsterInsights