भागलपुर में निगरानी की बड़ी कार्रवाई: 1.10 लाख रुपये रिश्वत लेते पीएम पोषण योजना का जिला कार्यक्रम प्रबंधक गिरफ्तार

Spread the love

पटना/भागलपुर: भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए निगरानी अन्वेषण ब्यूरो, बिहार (पटना) की मुख्यालय टीम ने शनिवार को भागलपुर में एक बड़ी सफलता हासिल की है। टीम ने पीएम पोषण योजना (भागलपुर) के जिला कार्यक्रम प्रबंधक (DPM) मनोज कुमार सिंह को 1,10,000 (एक लाख दस हजार) रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। यह गिरफ्तारी जिला शिक्षा पदाधिकारी (भागलपुर) के कार्यालय स्थित उनके कार्यालय कक्ष से की गई।

​क्या है पूरा मामला?

इस मामले में लोदीपुर थाना क्षेत्र के ग्राम सालूचक अंगारी निवासी एवं वर्तमान में पीएम पोषण योजना के प्रखण्ड साधन सेवी (BRP) रजनीश कुमार दास ने निगरानी ब्यूरो, पटना में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के अनुसार, उन पर गोराडिह प्रखण्ड स्थित मध्य विद्यालय तरछा के तत्कालीन प्रभारी प्रधानाध्यापक द्वारा विद्यालय से अवैध राशि निकासी का आरोप लगाया गया था।

इस संबंध में भागलपुर के जिलाधिकारी द्वारा स्पष्टीकरण मांगे जाने पर परिवादी रजनीश कुमार दास ने बीते शुक्रवार को जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (पीएम पोषण योजना, भागलपुर) के कार्यालय में अपना जवाब समर्पित किया था। आरोप है कि इसी स्पष्टीकरण पर उन्हें निर्दोष करार देने के एवज में आरोपी अधिकारी द्वारा रिश्वत की मांग की जा रही थी।

​जाल बिछाकर की गई गिरफ्तारी

शिकायत मिलने के बाद निगरानी ब्यूरो ने इसका सत्यापन कराया, जिसमें रिश्वत मांगे जाने के प्रमाण सही पाए गए। प्रथम दृष्टया आरोप सत्य पाए जाने पर 19 नवंबर 2026 को निगरानी थाना कांड संख्या-136/26 दर्ज किया गया। इसके बाद अनुसंधानकर्ता राधेश्याम राम के अनुरोध पर पुलिस उपाधीक्षक (निगरानी अन्वेषण ब्यूरो, पटना) श्री राम विलास सिंह के नेतृत्व में एक धावादल का गठन किया गया।

शनिवार को धावादल ने जाल बिछाते हुए आरोपी मनोज कुमार सिंह को उनके कार्यालय कक्ष में 1 लाख 10 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए दबोच लिया। निगरानी ब्यूरो के अनुसार, गिरफ्तार अभियुक्त से पूछताछ की जा रही है, जिसके उपरांत उन्हें भागलपुर स्थित माननीय विशेष निगरानी न्यायालय में प्रस्तुत किया जाएगा। मामले में आगे की जांच जारी है।

Please follow and like us:
Verified by MonsterInsights