चिराग पासवान के बयान पर तेजस्वी यादव का पलटवार, कहा- ‘इतिहास जानें, वरना बात दूर तक जाएगी’

Spread the love

पटना, बिहार: बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष और राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के नेता तेजस्वी यादव ने केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान के हालिया बयान पर तीखी प्रतिक्रिया दी है। पटना में मीडिया से बातचीत करते हुए तेजस्वी यादव ने चिराग पासवान को नसीहत दी कि वे इस तरह की बयानबाजी से बचें।

​चिराग पासवान द्वारा दिए गए बयान पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए तेजस्वी यादव ने कहा, “चिराग पासवान के बारे में हम कुछ नहीं कहना चाहते हैं, जनता मालिक है। बिहार की जनता ही नहीं, बल्कि पूरे देश की जनता लालू प्रसाद यादव से बेहद मोहब्बत करती है।”

​लालू यादव के राजनीतिक योगदान का जिक्र करते हुए राजद नेता ने कहा कि उन्होंने सामाजिक न्याय की लड़ाई लड़ी और समाज के जिस शोषित व अंतिम पायदान पर खड़े वर्ग को दबाया जाता था, उन्हें मुख्यधारा में लाकर आवाज देने का काम किया।

​तेजस्वी यादव ने चिराग पासवान को उनके पिता और दिवंगत नेता रामविलास पासवान के राजनीतिक दौर की याद दिलाते हुए कहा कि चिराग को थोड़ा इतिहास जानना चाहिए। उन्होंने दावा किया, “जब उनके पिता चुनाव हार गए थे, तो हमारे पिता (लालू यादव) ने ही उन्हें राजद कोटे से राज्यसभा सांसद बनाने का काम किया था और उनके घर को भी बचाया था। क्या यह लालू यादव की गलती थी?”

​बयान के अंत में तेजस्वी यादव ने केंद्रीय मंत्री को चेतावनी भरे लहजे में अनुरोध करते हुए कहा कि वे इस तरह की बातें करने से बचें, अन्यथा यह बात बहुत दूर तक जाएगी।

Please follow and like us:
Verified by MonsterInsights