मुजफ्फरपुर: कार्यस्थल पर महिलाओं की सुरक्षा को लेकर एक दिवसीय कार्यशाला, डीएम कुमार गौरव ने किया शुभारंभ

Spread the love

• POSH एक्ट 2013 के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर; आंतरिक समितियों के सदस्यों को सिखाए गए शिकायत निवारण के नियम

मुजफ्फरपुर: कार्यस्थल पर महिलाओं के यौन उत्पीड़न की रोकथाम और उन्हें सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से शनिवार को एक दिवसीय प्रशिक्षण-सह-कार्यशाला का आयोजन किया गया। महिला एवं बाल विकास निगम के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला पदाधिकारी (डीएम) कुमार गौरव ने की। कार्यशाला का विधिवत उद्घाटन डीएम कुमार गौरव, राज्य परियोजना प्रबंधक सह राज्य नोडल पदाधिकारी (POSH) अंकिता कश्यप और आईसीडीएस की जिला प्रोग्राम पदाधिकारी कंचन कुमारी गिरी ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया।

​शिकायत निवारण की प्रक्रिया पर विस्तृत चर्चा

कार्यशाला में ‘कार्यस्थल पर महिलाओं का यौन उत्पीड़न (प्रतिषेध, प्रतितोष और निवारण) अधिनियम, 2013’ (POSH Act) के विभिन्न कानूनी प्रावधानों की विस्तृत जानकारी दी गई। प्रशिक्षण के दौरान अधिकारियों और कर्मियों को बताया गया कि यौन उत्पीड़न से संबंधित शिकायतों को कैसे प्राप्त किया जाए और निर्धारित समय-सीमा के भीतर उनका निष्पक्ष व संवेदनशील निपटारा कैसे सुनिश्चित हो।

​आंतरिक समितियों को सक्रिय करने पर जोर

कार्यक्रम में इस बात पर विशेष बल दिया गया कि प्रत्येक कार्यस्थल पर महिलाओं की गरिमा और अधिकारों की रक्षा के लिए आंतरिक समितियों (Internal Committee) का सक्रिय रहना बेहद जरूरी है। इस प्रशिक्षण के माध्यम से जिला और प्रखंड स्तर पर गठित समितियों की कार्यक्षमता को मजबूत करने का मार्गदर्शन दिया गया, ताकि कार्यस्थलों को पूरी तरह भेदभावमुक्त बनाया जा सके।

​ये रहे मौजूद

इस प्रशिक्षण-सह-कार्यशाला में जिला एवं प्रखंड स्तर की आंतरिक समितियों के अध्यक्ष व सदस्यों ने हिस्सा लिया। मौके पर महिला एवं बाल विकास निगम की जिला परियोजना प्रबंधक तमसील आविदा सहित निगम के अन्य जिला एवं प्रखंड स्तरीय कर्मी उपस्थित रहे।

Please follow and like us:
Verified by MonsterInsights