तीन पंचायतों के मुखिया ने की 96 लाख की हेरा फेरी,मामला दर्ज

Spread the love

जमुई : 15वीं वित्त आयोग योजना मद में चकाई प्रखंड के तीन पंचायत के मुखिया की ओर से 96 लाख की हेरा फेरी के आरोप में प्रखंड पंचायती राज पदाधिकारी संजय कुमार ने जिला पंचायती राज पदाधिकारी के निर्देश पर चकाई थाने में संबंधित मुखिया और पंचायत सचिव पर प्राथमिकी दर्ज कराई है।

पंचायती राज पदाधिकारी संजय कुमार ने बताया कि अपर मुख्य सचिव पंचायत राज विभाग बिहार पटना के पत्रांक 5132 पंचायत राज दिनांक 3/9/20 में 15वीं वित्त आयोग की अनुशंसा के तहत राशि के लेनदेन में एफएमएस प्रणाली का उपयोग करने और सरकार की ओर से निर्धारित पोर्टल से ही सामग्री की खरीदारी करने का सख्त निर्देश दिया गया था।

इसके बाद भी चकाई प्रखंड के रामसिंहडीह पंचायत के मुखिया ओमप्रकाश पासवान, बरमोरिया पंचायत मुखिया सबीना मुर्मू और कल्याणपुर मुखिया सुदामा देवी ने अपने पंचायत सेवक राधेश्याम यादव के मिली भगत से सभी राशि की निकासी चेक से करके राशि की बंदर बांट करली।

मामले को गंभीरता से लेते हुए जिला स्तरीय जांच दल ने तीनों पंचायत का जांच किया गया और पाया कि मनमाने तरीके से रामसिंहडीह पंचायत के मुखिया ओमप्रकाश पासवान ने पंचायत सेवक राधेश्याम यादव के नाम पर चेक काटकर 4.27 लाख की राशि पंचायत सेवक को भुगतान कर दिया। इसी तरह बरमोरिया पंचायत की मुखिया ने भी अपने पंचायत सेवक राधेश्याम यादव के नाम पर चेक काटकर 50000 की राशि का भुगतान कर कर दिया।

इस प्रकार राम सिंहडीह पंचायत ने 43 लाख, बरमोरिया पंचायत के मुखिया ने 27 लाख, कल्याणपुर पंचायत के मुखिया ने 25 लाख की राशि अवैध तरीके से निकाल ली। विभाग ने इन तीनों पंचायत के मुखिया और पंचायत सेवक को एक सप्ताह का समय देकर अवैध तरीके से निकाली गई राशि को पंचायत के खातों में जमा कर साक्ष्य विभाग को सौंपने का निर्देश दिया है। परंतु तीनों पंचायत के मुखिया और पंचायत सेवक ने इस दिशा में कोई कार्रवाई नहीं किया।

इसके बाद जिला पंचायत राज पदाधिकारी के निर्देश पर प्रखंड पंचायत राज पदाधिकारी संजय कुमार ने चकाई थाना में कांड संख्या4/25 के तहत रविवार को प्राथमिकी दर्ज करा दी। चकाई थाना अध्यक्ष राकेश कुमार ने कहा कि प्राथमिकी दर्ज कर इन चारों नामजद अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Please follow and like us: