प्रशांत किशोर का एनडीए सरकार पर हमला, कहा- ‘सुशासन के नाम पर हो रहा भ्रष्टाचार, भाजपा धीरे-धीरे जदयू को कर रही खत्म’

Spread the love

पटना: जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर ने बिहार की वर्तमान एनडीए (NDA) सरकार और राज्य के राजनीतिक समीकरणों पर तीखी टिप्पणी की है। उन्होंने सरकार पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए दावा किया है कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) धीरे-धीरे मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की पार्टी जनता दल यूनाइटेड (जदयू) को समाप्त कर रही है।

​‘सुशासन के नाम पर हो रहा भ्रष्टाचार’

प्रशांत किशोर ने राज्य की मौजूदा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि पहले घोटाले होते थे और उन पर चर्चा होती थी, लेकिन वर्तमान में सुशासन के नाम पर भ्रष्टाचार और लूट जारी है। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा, “अगर आप सिर्फ भ्रष्टाचार देखेंगे तो जिस पशुपालन घोटाले की बात होती है, उससे कई गुना ज्यादा चोरी अब हो रही है। ऐसा नहीं है कि पहले घोटाला होता था और अभी बिहार में कोई राजा हरिश्चंद्र की सरकार चल रही है। एनडीए की सरकार में भी चोरी और भ्रष्टाचार उससे भी बढ़कर है।”

​भाजपा पर जदयू के नेतृत्व को निगलने का आरोप

बिहार की राजनीति और सत्ताधारी गठबंधन के भविष्य पर बयान देते हुए जन सुराज के संस्थापक ने कहा कि भाजपा बड़े दल के रूप में धीरे-धीरे जदयू और उसके नेतृत्व को निगल रही है। कांग्रेस नेता रणदीप सुरजेवाला का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि इस स्थिति को समझने के लिए किसी बाहरी नेता की टिप्पणी की आवश्यकता नहीं है। किशोर के अनुसार, बिहार की राजनीति की थोड़ी भी समझ रखने वाला व्यक्ति यह स्पष्ट रूप से देख सकता है कि जदयू धीरे-धीरे खत्म हो रही है।

Please follow and like us:
Verified by MonsterInsights