रांची, झारखंड। कांग्रेस और गरीबी के मुद्दे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की टिप्पणी का समर्थन करते हुए झारखंड भाजपा के प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव ने कांग्रेस नेतृत्व पर तीखा हमला बोला है।
रांची में मीडिया से बातचीत के दौरान प्रतुल शाहदेव ने कहा कि प्रधानमंत्री ने गरीबी उन्मूलन को लेकर जो बात कही है, उसकी पुष्टि अंतरराष्ट्रीय आंकड़े भी कर रहे हैं। शाहदेव के अनुसार, संयुक्त राष्ट्र (UNO) द्वारा जारी आंकड़ों में यह सामने आया है कि पिछले 10 से 12 वर्षों में भारत के 50 करोड़ लोग गरीबी रेखा से बाहर निकले हैं, जिसे उन्होंने प्रधानमंत्री के नेतृत्व की उपलब्धि बताया।
राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए भाजपा नेता ने कहा, “चांदी के कटोरे में सोने का चम्मच लेकर पैदा हुए राहुल बाबा जैसे लोग गरीबों का दर्द कहां से जानेंगे।”
वहीं, 80 करोड़ लोगों को मुफ्त राशन दिए जाने पर कांग्रेस द्वारा उठाए जा रहे सवालों का जवाब देते हुए प्रतुल शाहदेव ने इसे सरकार की दूरदर्शी सोच बताया। उन्होंने कहा, “हमने 50 करोड़ लोगों को गरीबी रेखा से ऊपर उठाया है, लेकिन यह रेखा बहुत पतली होती है। जिन लोगों को गरीबी रेखा से बाहर निकाला गया है, सरकार उन्हें कुछ समय तक सहारा देकर आर्थिक रूप से सुदृढ़ करना चाहती है। ऐसा इसलिए है क्योंकि यदि घर में कोई बीमारी आ जाए या कोई बड़ा आर्थिक झटका लगे, तो ये लोग फिर से गरीबी रेखा के नीचे जा सकते हैं।” उन्होंने आगे कहा कि प्रधानमंत्री की इस दूरगामी सोच को कांग्रेस के नेता नहीं समझ सकते।
