जिला पदाधिकारी वर्षा सिंह ने जमीन पर बैठकर बच्चों के साथ स्नेहपूर्वक भोजन किया।
बिहार : सूबे के वैशाली जिला के जिला पदाधिकारी वर्षा सिंह द्वारा हाजीपुर मे स्थित कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय की छात्राओं के साथ मकर संक्रांति का पर्व अत्यंत स्नेह, उत्साह एवं आत्मीय वातावरण में मनाया गया। इस अवसर पर जिलाधिकारी ने सभी छात्राओं को मकर संक्रांति की हार्दिक शुभकामनाएँ दीं तथा उनके साथ पारंपरिक रूप से दही-चूड़ा का सेवन किया और पतंग उड़ाकर पर्व की खुशियाँ साझा कीं।

जिला पदाधिकारी वर्षा सिंह ने औपचारिकता से हटकर सादगी और अपनत्व का परिचय देते हुए जमीन पर बैठकर बच्चों के साथ स्नेहपूर्वक भोजन किया। इस आत्मीय क्षण में उन्होंने बच्चों से हँसते-मुस्कुराते हुए बातचीत की, उनकी पढ़ाई, दिनचर्या और भविष्य की आकांक्षाओं के बारे में जाना तथा उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। उनके इस मानवीय व्यवहार से बच्चों में आत्मविश्वास और उत्साह का संचार हुआ तथा उपस्थित सभी लोगों के लिए यह एक प्रेरणादायक उदाहरण बना।

छात्राएँ जिलाधिकारी महोदया के साथ पर्व मनाकर अत्यंत प्रसन्न एवं उत्साहित दिखीं। बच्चों के चेहरे पर उल्लास और आत्मविश्वास स्पष्ट झलक रहा था। वहीं जिलाधिकारी भी बच्चों के साथ समय बिताकर भावविभोर एवं प्रसन्न नजर आईं। इस आत्मीय आयोजन ने विद्यालय परिसर में एक पारिवारिक और प्रेरणादायक वातावरण का निर्माण किया।

इसी क्रम में जिला पदाधिकारी द्वारा विद्यालय में स्थापित नवीन आईसीटी लैब का फीता काटकर विधिवत उद्घाटन किया गया। उन्होंने कहा कि इस लैब के माध्यम से छात्राओं को कंप्यूटर आधारित शिक्षा प्राप्त होगी, जिससे वे डिजिटल तकनीक से जुड़कर आधुनिक ज्ञान एवं कौशल अर्जित कर सकेंगी। उन्होंने शिक्षकों को निर्देश दिया कि आईसीटी संसाधनों का प्रभावी उपयोग सुनिश्चित करते हुए छात्राओं को तकनीकी रूप से सक्षम बनाया जाए।

इसके पश्चात जिला पदाधिकारी ने छात्राओं से व्यक्तिगत रूप से संवाद किया। उन्होंने प्रत्येक छात्रा से उसके भविष्य के लक्ष्य, रुचियों एवं आकांक्षाओं के बारे में स्नेहपूर्वक जानकारी ली। छात्राओं ने भी आत्मविश्वास के साथ अपने-अपने सपनों एवं जीवन के उद्देश्यों को साझा किया। जिलाधिकारी ने उनकी बातों को ध्यानपूर्वक सुना और उन्हें निरंतर परिश्रम, अनुशासन एवं सही मार्ग अपनाकर अपने लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि “आप सभी देश का भविष्य हैं, इसलिए आत्मविश्वास, शिक्षा और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ें।”
इस अवसर पर जिला पदाधिकारी के साथ ओएसडी तारिक राजा, वरीय उप समाहर्ता चांदनी कुमारी, वरीय उप समाहर्ता तनुजा, कार्यपालक पदाधिकारी, नगर परिषद हाजीपुर सुशील कुमार, जिला शिक्षा पदाधिकारी रविंद्र कुमार, जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (स्थापना) शोभाकांत एवं जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (समग्र शिक्षा)संतोष कुमार सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
