वैशाली ( हाजीपुर) : जिला पदाधिकारी वर्षा सिंह के कुशल नेतृत्व व सतत समीक्षा एवं प्रभावी मॉनिटरिंग के फलस्वरूप किसान रजिस्ट्रेशन अभियान में वैशाली जिले ने राज्य स्तर पर अपना प्रथम स्थान सुदृढ़ बनाए रखा है।
आज 21 फरवरी 2026 के अद्यतन प्रतिवेदन के अनुसार जिला में कुल 2,14,562 पंजीकृत किसानों के विरुद्ध 2,29,695 फार्मर रजिस्ट्री पूर्ण की गई है, जो लगभग 107 प्रतिशत उपलब्धि को दर्शाता है। यह प्रदर्शन राज्य में सर्वाधिक है तथा प्रशासनिक प्रतिबद्धता और समन्वित प्रयासों का प्रत्यक्ष परिणाम है।

किसान पंजीकरण कार्य को कैंप मोड में तीव्र गति से संचालित किया जा रहा है। सभी प्रखंडों एवं पंचायतों में विशेष शिविरों का आयोजन, व्यापक जनजागरूकता अभियान, तकनीकी समस्याओं का त्वरित समाधान तथा रियल-टाइम डेटा मॉनिटरिंग के माध्यम से प्रक्रिया को निरंतर गति प्रदान की जा रही है।
जिलाधिकारी द्वारा नियमित समीक्षा बैठक एवं वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रखंडवार प्रगति की सतत निगरानी की जा रही है। लक्ष्य से पीछे चल रहे क्षेत्रों में विशेष रणनीति लागू कर अतिरिक्त मानवबल एवं तकनीकी सहयोग उपलब्ध कराया जा रहा है। OTP आधारित पंजीकरण, डोर-टू-डोर संपर्क अभियान एवं विशेष सहायता काउंटर के माध्यम से यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि कोई भी पात्र किसान पंजीकरण से वंचित न रहे।

जिला प्रशासन का स्पष्ट लक्ष्य शत-प्रतिशत पात्र किसानों का समयबद्ध पंजीकरण सुनिश्चित करना है, ताकि उन्हें सरकारी योजनाओं का पारदर्शी, तकनीक आधारित एवं प्रत्यक्ष लाभ प्राप्त हो सके।
वैशाली जिला कृषि क्षेत्र में डिजिटल सशक्तिकरण की दिशा में निरंतर अग्रसर है तथा राज्य में एक आदर्श मॉडल के रूप में अपनी सशक्त पहचान स्थापित कर रहा है। उक्त आशय की जानकारी जिला सूचना एवं जनसंपर्क कार्यालय के द्वारा साझा की गई है।
