पटना: छठ महापर्व को लेकर महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (MNS) प्रमुख राज ठाकरे के बयान पर बिहार में सियासी पारा चढ़ गया है। जन सुराज पार्टी के संस्थापक और बिहार विधानसभा के सदस्य प्रशांत किशोर ने शनिवार को पटना में राज ठाकरे पर तीखा हमला बोला।
प्रशांत किशोर ने कहा, “जब कोई उनको पूछता नहीं है, तब वो यूपी और बिहार के लोगों को गाली देकर मीडिया में जगह बनाते हैं। ऐसे लोगों को कोई तरजीह और कोई मंच नहीं देना चाहिए।”
उन्होंने आगे कहा, “उनका एक ही एजेंडा है, किसी भी तरह मीडिया की सुर्खियों में बने रहना। जब भी छह महीने तक वो अनदेखे रहते हैं, तब बिहार या उत्तर प्रदेश के लोगों के खिलाफ कोई टिप्पणी लेकर आ जाते हैं।”
क्या है विवाद?
दरअसल, राज ठाकरे ने 13 नवंबर को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लंबी पोस्ट लिखकर आरोप लगाया था कि मुंबई के रेलवे स्टेशनों पर छठ गीत बजाए जाने और रील्स के जरिए सांस्कृतिक टकराव भड़काने की कोशिश हो रही है। उन्होंने इसके लिए सत्तारूढ़ बीजेपी को जिम्मेदार ठहराया था।
ठाकरे के इस बयान के बाद बिहार में तीखी प्रतिक्रिया सामने आई है। केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने भी इस पर कड़ी आपत्ति जताई है।
प्रशांत किशोर ने कहा कि छठ बिहार की आस्था, पहचान और स्वाभिमान का पर्व है। इस पर टिप्पणी कर राजनीति चमकाने वालों को बिहार की जनता जवाब देना जानती है।
