केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने 45वें भारत अंतर्राष्ट्रीय व्यापार मेले 2026 का किया उद्घाटन

Spread the love

आईआईटीएफ में 30 राज्य/केंद्र शासित प्रदेश, 3,500 प्रदर्शक और 11 देशों की भागीदारी | अक्टूबर 2026 में भारत का निर्यात रिकॉर्ड 90 अरब डॉलर के करीब पहुंचा

नई दिल्ली : केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने आज 45वें भारत अंतर्राष्ट्रीय व्यापार मेले (आईआईटीएफ) 2026 का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने आईआईटीएफ को एक ऐसा मंच बताया, जो भारत के राज्यों, व्यवसायों, उत्पादों और क्षमताओं को एक साथ लाता है।

इस वर्ष के मेले में 30 राज्यों एवं केंद्र शासित प्रदेशों ने अपनी खूबियां प्रदर्शित की हैं। इसमें 3,500 से अधिक प्रदर्शकों और 11 देशों की भागीदारी है।

गोयल ने कहा कि अक्टूबर 2026 में भारत का निर्यात अब तक के उच्चतम स्तर पर लगभग 90 अरब डॉलर तक पहुंच गया है, जो देश की मजबूत अर्थव्यवस्था, लचीलेपन और विकास को दर्शाता है।

उन्होंने कहा कि एमएसएमई, निर्माता, सेवा प्रदाता, कलाकार, कारीगर तथा हथकरघा एवं हस्तशिल्प उत्पादक सभी विकास और आत्मविश्वास का प्रदर्शन कर रहे हैं। पड़ोस की किराना दुकानों और ई-कॉमर्स व्यवसायों से लेकर कारीगरों और बड़े-बड़े ब्रांडों तक, हर क्षेत्र आर्थिक अवसरों के विस्तार से लाभ प्राप्त करने की उम्मीद कर रहा है।

मंत्री ने कहा कि भारत के युवा उद्यमी तेजी से वैश्विक बाजारों तक पहुंच रहे हैं। उन्होंने अरुणाचल प्रदेश से कीवी के निर्यात और कुल्लू से सिंदूरी अनार के दुबई में निर्यात का उदाहरण दिया। उन्होंने प्रदर्शकों से आग्रह किया कि वे ऐसे उत्पादों की पहचान करें जिनमें निर्यात की संभावना है और भारत के मुक्त व्यापार समझौतों से मिलने वाले अवसरों का लाभ उठाएं।

गोयल ने कहा कि भारत की विकास यात्रा को देश की युवा आबादी आगे बढ़ा रही है। उन्होंने बताया कि भारत ने 12 वर्षों में लगभग 50 करोड़ लोगों को अत्यधिक गरीबी से बाहर निकाला है।

उन्होंने कहा कि दुनिया में चल रहे संघर्षों और अनिश्चितताओं के बावजूद, भारत वैश्विक चुनौतियों का पूरे आत्मविश्वास के साथ सामना कर रहा है। उन्होंने इसका श्रेय निर्णायक नेतृत्व और देश की बढ़ती आर्थिक शक्ति को दिया।

भारत की दीर्घकालिक आर्थिक महत्वाकांक्षाओं का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि देश की मौजूदा 4 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था का लक्ष्य 2047 तक 30 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनना है। उन्होंने कहा कि युवा आबादी, विस्तृत होते कारोबार और बढ़ती निर्यात क्षमताएं ‘विकसित भारत’ के दृष्टिकोण की प्राप्ति में अहम भूमिका निभाएंगी।

मंत्री ने विकास के साथ-साथ भारत की विरासत एवं परंपराओं को सहेजने के महत्व पर भी बल दिया। उन्होंने कहा कि विरासत का सम्मान किए बिना विकास अधूरा है।

उन्होंने नॉर्थ ब्लॉक और साउथ ब्लॉक परिसर में दुनिया के सबसे बड़े संग्रहालय ‘युगे युगीन भारत संग्रहालय’ की स्थापना को दी गई मंजूरी का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि यह संग्रहालय भारत के इतिहास, परंपराओं और विश्व में उसके योगदान को प्रदर्शित करेगा तथा आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगा।

गोयल ने कहा कि 45वां आईआईटीएफ मामूली सुधारों से कहीं आगे बढ़ चुका है और ‘विकसित भारत 2047’ के दृष्टिकोण की दिशा में एक बड़ी छलांग है।

अपने संबोधन को समाप्त करते हुए उन्होंने 45वें भारत अंतर्राष्ट्रीय व्यापार मेले 2026 के शुभारंभ की घोषणा की और सभी हितधारकों से भारत की आर्थिक प्रगति एवं वैश्विक जुड़ाव की यात्रा में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया।

Please follow and like us:
Verified by MonsterInsights