बाबूबरही के बलिराजगढ़ में 3 नवंबर की फायरिंग के बाद से फरार चल रहे आरोपी ASI चंद्रमोहन सिंह का शव गुरुवार देर शाम खेत से बरामद हुआ। शव के पास से सर्विस पिस्टल, आधार कार्ड, मोबाइल और लैपटॉप मिले। एसएसपी ने पुष्टि की, मौत के कारणों की जांच जारी।
बिहार के मधुबनी जिले के बलिराजगढ़ गोलीकांड में गुरुवार देर शाम एक बड़ा मोड़ आ गया। इस कांड के मुख्य आरोपी और फरार चल रहे सहायक अवर निरीक्षक (ASI) चंद्रमोहन सिंह का शव बरामद हुआ है।
शव बाबूबरही थाना क्षेत्र के बलिराजगढ़ गांव स्थित एक मैदान / धान के खेत से बरामद किया गया। शव मिलने की सूचना पर पुलिस की विशेष टीम मौके पर पहुंची।
एसएसपी ने की पुष्टि
मधुबनी के वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) योगेंद्र कुमार ने फरार ASI चंद्रमोहन सिंह का शव मिलने की पुष्टि की है।
पुलिस के अनुसार, शव के पास से आरोपी ASI की सर्विस पिस्टल, आधार कार्ड, मोबाइल फोन और लैपटॉप बरामद किया गया है। इन्हीं दस्तावेजों और सामान के आधार पर शव की पहचान चंद्रमोहन सिंह के रूप में की गई।
क्या था पूरा मामला?
आरोप है कि 3 नवंबर को बाबूबरही थाना क्षेत्र के बलिराजगढ़ में ASI चंद्रमोहन सिंह ने ग्रामीणों पर अंधाधुंध फायरिंग की थी। इस फायरिंग में एक व्यक्ति की मौत हो गई थी, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हुए थे। घटना के बाद से आरोपी ASI फरार चल रहा था।
वही उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने पहले 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था, जिसे बाद में बढ़ाकर 2 लाख रुपये कर दिया गया था।
मौत कैसे हुई? अभी रहस्य
सबसे बड़ा सवाल यही है कि आखिर ASI चंद्रमोहन सिंह की मौत कैसे हुई?
पुलिस ने अभी तक मौत के कारणों की पुष्टि नहीं की है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
मौत की वास्तविक वजह का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के बाद ही चल पाएगा। पुलिस इस मामले में हर एंगल से जांच कर रही है।
इलाके में हड़कंप
गुरुवार देर शाम शव मिलने की खबर के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जमा हो गए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
फिलहाल पुलिस का कहना है कि जांच जारी है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वजह स्पष्ट होगी।
