जिला पदाधिकारी एवं वरीय पुलिस अधीक्षक ने नरकटियागंज के छठ घाटों का किया निरीक्षण, सुरक्षा व सुविधा के दिए सख्त निर्देश

Spread the love

चीनी मिल छठ घाट एवं धुमनगर (हरदिया) छठ घाट पर साफ-सफाई, बैरिकेडिंग, वॉच टॉवर, पब्लिक एड्रेस सिस्टम और भीड़ प्रबंधन की तैयारियों का लिया जायजा

बेतिया, पश्चिम चम्पारण : छठ महापर्व के अवसर पर श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा एवं विधि-व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिला पदाधिकारी तरनजोत सिंह एवं वरीय पुलिस अधीक्षक कुमार गौतम ने आज नरकटियागंज अनुमंडल अंतर्गत चीनी मिल छठ घाट एवं धुमनगर (हरदिया) छठ घाटों का निरीक्षण किया।

विज्ञापन

निरीक्षण के दौरान जिला पदाधिकारी ने संबंधित प्रशासनिक एवं पुलिस पदाधिकारियों तथा पूजा समितियों के सदस्यों से घाटों पर की जा रही तैयारियों की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने सभी छठ घाटों पर श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए समुचित साफ-सफाई, मजबूत बैरिकेडिंग, वॉच टॉवर की व्यवस्था, पब्लिक एड्रेस सिस्टम की उपलब्धता, पार्किंग की व्यवस्था, पर्याप्त सुरक्षा बलों की तैनाती तथा प्रभावी क्राउड मैनेजमेंट सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

जिला पदाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिया कि छठ घाटों पर आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। सभी आवश्यक व्यवस्थाएं ससमय पूर्ण कर ली जाएं। घाटों पर भीड़ नियंत्रण, आवागमन की सुगम व्यवस्था एवं संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी रखी जाए।

उन्होंने पूजा समितियों से भी प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित कर पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने में सहयोग की अपील की।

इस अवसर पर अनुमंडल पदाधिकारी, नरकटियागंज, अभिजीत गोविंदा, विशेष कार्य पदाधिकारी, जिला गोपनीय शाखा, सुजीत कुमार सहित अन्य प्रशासनिक एवं पुलिस पदाधिकारी उपस्थित थे।

Please follow and like us:
Verified by MonsterInsights