BIHAR : समस्तीपुर जिला के खानपुर थाना क्षेत्र में 4 साल के मासूम की सड़क हादसे में मौत के बाद भारी बवाल मच गया। आक्रोशित ग्रामीणों ने पुलिस पर पथराव कर दिया, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। हालात इतने बिगड़ गए कि एक पुलिसकर्मी को भीड़ के सामने बंदूक ताननी पड़ गई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
साइकिल सवार मासूम को बाइक ने मारी टक्कर
जानकारी के अनुसार, खानपुर थाना क्षेत्र के रेवड़ा सिंधियाही गांव निवासी मुकेश सहनी का 4 वर्षीय पुत्र अंशु कुमार साइकिल से जा रहा था। इसी दौरान तेज रफ्तार बाइक ने उसे टक्कर मार दी। हादसे में मासूम की मौके पर ही मौत हो गई।
बच्चे की मौत की खबर मिलते ही गांव में मातम छा गया और सैकड़ों लोग सड़क पर उतर आए।
पुलिस के देर से पहुंचने पर भड़का गुस्सा
ग्रामीणों का आरोप है कि हादसे के बाद पुलिस मौके पर देर से पहुंची। इसी बात को लेकर लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। आक्रोशित लोगो ने सड़क जाम कर आगजनी शुरू कर दी।
ग्रामीणों की मांग है कि आरोपी बाइक सवार को जल्द गिरफ्तार किया जाए, पीड़ित परिवार को मुआवजा दिया जाए और वरीय पदाधिकारी मौके पर आकर आश्वासन दें।
पुलिस पर पथराव, भागते नजर आए जवान
मौके पर पहुंची पुलिस को देखते ही भीड़ और उग्र हो गई। ग्रामीणों ने पुलिस बल पर ईंट-पत्थर बरसाने शुरू कर दिए। पथराव के दौरान पुलिसकर्मियों को जान बचाकर पीछे हटना पड़ा।
वायरल वीडियो में एक पुलिसकर्मी भीड़ को रोकने के लिए बंदूक ताने हुए नजर आ रहा है। वहीं, बड़ी संख्या में ग्रामीण पुलिस की गाड़ी को घेरकर हंगामा करते दिख रहे हैं।
इलाके में तनाव, पुलिस संभाल रही मोर्चा
घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है। पुलिस स्थिति को नियंत्रित करने में जुटी है। समाचार लिखे जाने तक आरोपी बाइक सवार की गिरफ्तारी को लेकर ग्रामीणों का प्रदर्शन जारी था।
