बेगूसराय में ‘डीसीएलआर बखरी’ के बोर्ड वाली स्कॉर्पियो से 216 लीटर विदेशी शराब बरामद, तीन तस्कर गिरफ्तार

Spread the love

बेगूसराय |बिहार में शराबबंदी के बीच बेगूसराय पुलिस ने शराब तस्करी के एक बड़े खेल का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने ‘डीसीएलआर बखरी’ का बोर्ड लगी एक स्कॉर्पियो से 25 कार्टन में रखी 216 लीटर विदेशी शराब बरामद की है। इस मामले में मौके से तीन तस्करों को गिरफ्तार किया गया है।


गुप्त सूचना पर हुई कार्रवाई
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि सरकारी बोर्ड लगी एक गाड़ी में शराब की तस्करी की जा रही है। सूचना के आधार पर डीआईओ और चीता बल की संयुक्त टीम ने शुक्रवार देर रात लोहियानगर थाना क्षेत्र के पनहास चौक के पास घेराबंदी की।

जांच के दौरान पुलिस ने BR09PA2905 नंबर की स्कॉर्पियो को रोका। गाड़ी के आगे ‘डीसीएलआर बखरी’ और पीछे ‘जिला प्रशासन’ का बोर्ड लगा था। साथ ही गाड़ी पर ‘गवर्नमेंट ऑफ बिहार’ भी लिखा हुआ था।


तलाशी में मिला शराब का जखीरा
गाड़ी की तलाशी लेने पर पुलिस को अंदर 25 कार्टन में पैक की गई कुल 216 लीटर विदेशी शराब मिली। बताया जा रहा है कि शराब झारखंड से लाई जा रही थी।


डीसीएलआर गाड़ी में नहीं थे
कार्रवाई के समय गाड़ी में डीसीएलआर मौजूद नहीं थे। गिरफ्तार लोगों से पूछताछ में पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि सरकारी बोर्ड वाली गाड़ी का शराब तस्करी में इस्तेमाल कैसे हो रहा था।

वहीं, डीसीएलआर की ओर से कहा गया है कि उन्होंने इस गाड़ी का इस्तेमाल नहीं किया था।


तीनों आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने मौके से तीन कथित शराब कारोबारियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आनंद कुमार, सत्यम कुमार और बिट्टू कुमार के रूप में हुई है।

पुलिस ने गाड़ी को जब्त कर लिया है और मामले में आगे की जांच जारी है।

Please follow and like us:
Verified by MonsterInsights