आनंद मोहन की रिहाई रद्द होने पर भड़कीं सांसद लवली आनंद, बोलीं- “लोकप्रियता के कारण हर बार बनाया जा रहा बलि का बकरा”

Spread the love

पटना : आनंद मोहन की रिहाई रद्द होने और वापस जेल भेजने के सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद उनकी पत्नी और शिवहर से सांसद लवली आनंद का कड़ा बयान सामने आया है। समर्थकों से धैर्य बनाए रखने की अपील करते हुए लवली आनंद ने इस फैसले पर गंभीर सवाल उठाए हैं और कहा है कि 32 साल से उनका परिवार न्याय की लड़ाई लड़ रहा है, लेकिन आज भी उन्हें अधूरा न्याय ही मिला है।

​36 लोगों को मिला था लाभ, फिर सिर्फ आनंद मोहन पर कार्रवाई क्यों?

लवली आनंद ने कहा कि पूरे देश में एक समान जेल कानून लागू करने के सुप्रीम कोर्ट के पुराने आदेश के तहत ही बिहार सरकार ने नियमों में बदलाव किया था। इस फैसले का लाभ उठाकर देश भर में हजारों लोग और बिहार में आनंद मोहन समेत कुल 36 कैदी रिहा हुए थे। उन्होंने सवाल उठाया कि जब सभी की रिहाई एक ही नियम के तहत हुई, तो बाकी 35 लोगों की रिहाई क्यों नहीं रद्द की गई? उन्होंने आरोप लगाया कि 1996 में भी सिर्फ आनंद मोहन की ही जमानत तोड़ी गई थी और आज फिर उन्हें अकेले निशाना बनाया जा रहा है।

​लोकप्रियता बनी दुश्मन, विधायिका को दी जा रही चुनौती

सांसद लवली आनंद ने भावुक होते हुए कहा कि 16 साल तक निर्दोष होते हुए भी आनंद मोहन ने जेल की सजा काटी और उस दौरान पूरा परिवार व समर्थक मानसिक रूप से प्रताड़ित हुए। उन्होंने आगे कहा:

  • ​”हमारे समर्थकों का सवाल है कि आखिर हर बार आनंद मोहन जी को ही बलि का बकरा क्यों बनाया जाता है? आज भी उनके साथ लाखों समर्थक हैं, यही लोकप्रियता हमारी दुश्मन बन गई है।”
  • ​न्यायपालिका का सम्मान करने की बात कहते हुए उन्होंने टिप्पणी की कि इस तरह रिहाई को रद्द कर सीधे तौर पर विधायिका (सरकार के फैसले) को चुनौती दी जा रही है और एकतरफा कार्रवाई जैसा माहौल बनाया जा रहा है।

​32 साल पुराने मामले का किया जिक्र

अपने बयान में लवली आनंद ने तत्कालीन डीएम जी. कृष्णैया (जीत कृष्ण) हत्याकांड के दौर को याद करते हुए कहा कि घटना के समय वे वैशाली से सांसद थीं और मातमपुर्सी के बाद हाजीपुर लौट आई थीं। उन्होंने दावा किया कि घटना में शामिल न होने के बावजूद उन्हें और उनके पति को प्रताड़ित किया गया और उस मामले की सही से जांच तक नहीं हुई। अंत में उन्होंने अपने कार्यकर्ताओं से शांति और धैर्य रखने का आह्वान किया।

Please follow and like us:
Verified by MonsterInsights