जिलाधिकारी की अध्यक्षता में हुआ जन संवाद कार्यक्रम, आमजनों की समस्याओं का हुआ निष्पादन

Spread the love

समस्तीपुर : जिलाधिकारी की अध्यक्षता में जन संवाद कार्यक्रम आयोजित हुआ, जिसमें आमजनों की समस्याओं का निष्पादन किया गया।

आमजनों की समस्याओं एवं शिकायतों के त्वरित, पारदर्शी एवं प्रभावी समाधान के उद्देश्य से 27 नवंबर 2026 को समाहरणालय स्थित सभाकक्ष में जिलाधिकारी रोशन कुशवाहा की अध्यक्षता में जन संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया।

कार्यक्रम के दौरान जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे नागरिकों ने अपनी व्यक्तिगत एवं सार्वजनिक समस्याओं से संबंधित आवेदन जिलाधिकारी के समक्ष प्रस्तुत किए। जिलाधिकारी ने एक-एक कर आवेदकों की समस्याओं को गंभीरतापूर्वक सुना तथा संबंधित विभागीय पदाधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया।

जन संवाद में मुख्य रूप से भूमि एवं राजस्व संबंधी मामले, दाखिल-खारिज, परिमार्जन, भूमि विवाद, अतिक्रमण, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, राशन कार्ड, आवास योजना, विद्युत आपूर्ति, सड़क, पेयजल सहित शिक्षा एवं स्वास्थ्य से जुड़े मामले सामने आए।

जिलाधिकारी ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि प्राप्त आवेदनों की जांच करते हुए नियमानुसार निष्पक्ष, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण कार्रवाई सुनिश्चित करें। जिन मामलों में स्थल निरीक्षण अथवा अन्य विभागों के साथ समन्वय की आवश्यकता है, उनमें आवश्यक कार्रवाई करते हुए निर्धारित समय-सीमा के भीतर निष्पादन सुनिश्चित किया जाए।

उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि आम नागरिकों की समस्याओं के समाधान में अनावश्यक विलंब नहीं होना चाहिए। संबंधित पदाधिकारी आवेदनों के निष्पादन की नियमित समीक्षा करें तथा आवेदकों को की गई कार्रवाई से अवगत कराएं।

जन संवाद कार्यक्रम में अपर समाहर्ता ब्रजेश कुमार, जिला पंचायत राज पदाधिकारी विष्णु देव मंडल सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय पदाधिकारी एवं संबंधित कर्मी उपस्थित रहे।

Please follow and like us:
Verified by MonsterInsights