जमुई बाल विवाह मुक्त अभियान: सामूहिक शपथ के साथ रवाना हुआ नुक्कड़ नाटक प्रचार वाहन

Spread the love

जमुई बाल विवाह मुक्त अभियान के तहत बाल, प्रारंभिक एवं जबरन विवाह उन्मूलन के अंतरराष्ट्रीय दिवस के अवसर पर महिला एवं बाल विकास निगम, जमुई के सौजन्य से जिला प्रशासन द्वारा जिलेभर में व्यापक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। सामूहिक शपथ ग्रहण, नुक्कड़ नाटक प्रचार वाहन का शुभारंभ, चित्रकला प्रतियोगिता के प्रतिभागियों का सम्मान तथा पंचायत स्तर पर जागरूकता गतिविधियों के माध्यम से बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति के उन्मूलन का संदेश दिया गया।

जिला संवाद कक्ष जमुई में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में जिला पदाधिकारी की उपस्थिति में विभिन्न विभागों के पदाधिकारियों एवं कर्मियों को बाल विवाह के उन्मूलन की सामूहिक शपथ दिलाई गई। सभी ने बाल विवाह जैसी कुप्रथा को समाप्त करने, इसके विरुद्ध समाज के प्रत्येक वर्ग को जागरूक करने तथा बच्चों की शिक्षा, सुरक्षा, अधिकार एवं उज्ज्वल भविष्य सुनिश्चित करने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम के दौरान बाल विवाह के विरुद्ध जन-जागरूकता को और प्रभावी बनाने के उद्देश्य से जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी बालमुकुंद एवं वरीय उपसमाहर्ता-सह-जिला प्रोग्राम पदाधिकारी सावन ने नुक्कड़ नाटक प्रचार वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस प्रचार वाहन के माध्यम से जिले के विभिन्न सार्वजनिक एवं भीड़भाड़ वाले स्थानों पर स्थानीय कला जत्था द्वारा नुक्कड़ नाटक का मंचन किया जाएगा। इसके जरिए आम लोगों को बाल विवाह के सामाजिक, शारीरिक एवं मानसिक दुष्परिणामों, इससे संबंधित कानूनी प्रावधानों तथा इसकी रोकथाम में आम नागरिकों की भूमिका के प्रति जागरूक किया जाएगा।

इस अवसर पर विद्यालय स्तर पर आयोजित चित्रकला प्रतियोगिता के प्रतिभागियों को जिला पदाधिकारी द्वारा पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। प्रतियोगिता के माध्यम से बच्चों एवं किशोर-किशोरियों ने अपनी रचनात्मक अभिव्यक्ति के जरिए बाल विवाह के विरुद्ध संदेश प्रस्तुत किया।
जमुई बाल विवाह मुक्त अभियान के तहत पांच पंचायतों में विशेष कार्यक्रम
जमुई बाल विवाह मुक्त अभियान को जन-जन तक पहुंचाने के लिए जिला मुख्यालय के साथ-साथ अनुमंडल एवं प्रखंड स्तर पर भी व्यापक गतिविधियां आयोजित की गईं। जिले के सभी प्रखंड कार्यालयों, उच्च विद्यालयों एवं आंगनबाड़ी केंद्रों में सामूहिक शपथ ग्रहण कार्यक्रम आयोजित किए गए। विद्यालयों में निबंध, चित्रकला एवं स्लोगन प्रतियोगिताओं के माध्यम से विद्यार्थियों को बाल विवाह के विरुद्ध जागरूक किया गया। वहीं, सभी ग्राम पंचायतों में विशेष ग्राम सभा आयोजित कर पंचायत प्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों की सहभागिता से बाल विवाह मुक्त समाज के निर्माण का संदेश दिया गया।

अभियान के तहत विशेष रूप से चयनित पांच नारी अदालत पंचायतों में भी जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। इनमें जमुई प्रखंड की दौलतपुर पंचायत, सिकंदरा प्रखंड की इतासागर पंचायत, झाझा प्रखंड की बाराजोर पंचायत, सोनो प्रखंड की पैरामटिहाना पंचायत एवं खैरा प्रखंड की गोपालपुर पंचायत शामिल हैं। इन पंचायतों में विशेष ग्राम सभा एवं सामूहिक शपथ ग्रहण कार्यक्रम के माध्यम से बाल विवाह की रोकथाम के प्रति सामुदायिक जिम्मेदारी को रेखांकित किया गया।

कार्यक्रम में जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी बालमुकुंद, वरीय उपसमाहर्ता-सह-जिला प्रोग्राम पदाधिकारी सावन सहित जिले के विभिन्न विभागों के पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।

जिला प्रशासन, जमुई की ओर से आम नागरिकों से अपील की जाती है कि बाल विवाह की जानकारी मिलने पर तत्काल संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों को सूचित करें तथा अपने आसपास होने वाले ऐसे आयोजनों को रोकने में सक्रिय भूमिका निभाएं। अभिभावक अपने बच्चों की शिक्षा एवं उज्ज्वल भविष्य को प्राथमिकता दें और बाल विवाह जैसी कुप्रथा को बढ़ावा न दें।

जिला प्रशासन ने कहा कि जमुई बाल विवाह मुक्त अभियान को जन-जन तक पहुंचाना ही इसका मुख्य उद्देश्य है। बाल विवाह मुक्त जमुई का निर्माण केवल प्रशासन का नहीं, बल्कि पूरे समाज का साझा संकल्प और सामूहिक जिम्मेदारी है।

Please follow and like us:
Verified by MonsterInsights