पटना: बिहार विधान सभा के अध्यक्ष प्रेम कुमार की अध्यक्षता में आगामी चतुर्थ सत्र के सुचारू एवं शांतिपूर्ण संचालन को लेकर दलीय नेताओं की बैठक आयोजित की गई। बैठक शुक्रवार अपराह्न 4 बजे विधान सभा मुख्य भवन स्थित अध्यक्षीय कार्यालय कक्ष में हुई।
अष्टादश बिहार विधान सभा का चतुर्थ सत्र 30 नवंबर 2026 से प्रारंभ हो रहा है। पांच दिवसीय शीतकालीन सत्र के सुव्यवस्थित एवं गरिमापूर्ण संचालन पर बैठक में विस्तार से विचार-विमर्श हुआ।
बैठक में सदस्यों ने सदन में पूछे गए प्रश्नों के उत्तर में भ्रामक अथवा अपुष्ट जानकारी देने वाले विभागीय पदाधिकारियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की आवश्यकता पर जोर दिया।

साथ ही, विधान सभा पोर्टल के सुचारू व प्रभावी उपयोग को सुनिश्चित करने के लिए हेल्प डेस्क की व्यवस्था करने तथा सदस्यों को पोर्टल के संचालन संबंधी जानकारी देने के लिए कार्यशाला आयोजित कर प्रशिक्षण प्रदान करने का सुझाव दिया गया। अध्यक्ष प्रेम कुमार ने इन सुझावों पर सकारात्मक रुख अपनाते हुए आश्वस्त किया कि इस दिशा में शीघ्र आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।
अध्यक्ष ने सभी दलीय नेताओं से अपने-अपने दल के सदस्यों को सदन की कार्यवाही में सक्रिय, अनुशासित एवं रचनात्मक सहभागिता के लिए प्रेरित करने का अनुरोध किया। बैठक में उपस्थित सत्ता पक्ष और विपक्ष के सभी दलीय नेताओं ने सुझाव दिए तथा सत्र के सफल संचालन में पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया। अंत में अध्यक्ष ने सभी नेताओं के प्रति आभार व्यक्त किया।
बैठक में उपाध्यक्ष नरेन्द्र नारायण यादव, उप मुख्यमंत्री बिजेन्द्र प्रसाद यादव, उप मुख्यमंत्री सह संसदीय कार्य मंत्री विजय कुमार चौधरी, मंत्री विजय कुमार सिन्हा, मुख्य विरोधी दल के मुख्य सचेतक कुमार सर्वजीत, सचेतक राजू तिवारी, सदस्य मनोहर प्रसाद सिंह, प्रफुल्ल कुमार मांझी, अरुण सिंह, माधव आनंद, सतीश कुमार सिंह यादव, अजय कुमार एवं प्रशांत किशोर सहित सभा सचिवालय के प्रभारी सचिव संजय कुमार सिंह एवं अन्य वरीय पदाधिकारी उपस्थित रहे।
शून्यकाल व ध्यानाकर्षण की ऑनलाइन सूचनाओं का समय निर्धारित करने तथा सचिवालय के आधुनिकीकरण एवं डिजिटल व्यवस्थाओं पर भी बैठक में सार्थक विमर्श हुआ।
