गोपालगंज : बिहार स्पेशल विजिलेंस यूनिट ने गोपालगंज सदर की SDM प्रेरणा सिंह और उनके पति रितेश कुमार के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति के मामले में बड़ी कार्रवाई की है।
मंगलवार को SVU की अलग-अलग टीमों ने पटना, रोहतास और गोपालगंज में कुल 6 ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की। गोपालगंज में SDM के सरकारी आवास और कार्यालय में तलाशी ली गई। वहीं पटना और रोहतास में पति के ठिकानों पर भी दबिश दी गई।
रितेश कुमार पथ निर्माण विभाग, पटना में कार्यपालक अभियंता के पद पर कार्यरत हैं।
सूत्रों के अनुसार, यह कार्रवाई आय से अधिक संपत्ति के आरोप में की गई है। SVU की टीम दस्तावेज, बैंक रिकॉर्ड और संपत्ति से जुड़े कागजात की जांच कर रही है।
समाचार लिखे जाने तक छापेमारी जारी थी। SVU की ओर से अब तक बरामदगी को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी जारी नहीं की गई है।
