- मुजफ्फरपुर में सात दिवसीय ‘विलेज इमर्शन’ कार्यक्रम का आगाज
- मुसहरी और मड़वन प्रखंड में जीविका दीदियों के साथ पांच दिनों तक करेंगे ग्राम प्रवास
- सामुदायिक संस्थाओं की कार्यप्रणाली और सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन का लेंगे प्रत्यक्ष अनुभव
मुजफ्फरपुर : बिहार लोक सेवा आयोग (बीपीएससी) की 70वीं संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा के माध्यम से चयनित 55 प्रशिक्षु अधिकारियों के चौथे फाउंडेशन बैच के लिए सोमवार से जिले में सात दिवसीय ‘एक्सपोजर कम विलेज इमर्शन’ कार्यक्रम की शुरुआत हुई। बिहार लोक प्रशासन एवं ग्रामीण विकास संस्थान (बिपार्ड), गया से आए इन प्रशिक्षु अधिकारियों के लिए यह कार्यक्रम ‘जीविका, मुजफ्फरपुर’ के तत्वावधान में आयोजित किया जा रहा है। इसका मुख्य उद्देश्य भावी प्रशासकों को ग्रामीण समाज की वास्तविक परिस्थितियों, विकास की चुनौतियों और सरकारी योजनाओं के जमीनी क्रियान्वयन से प्रत्यक्ष रूप से जोड़ना है।
प्रारंभिक ब्रीफिंग में समझी जीविका की कार्यप्रणाली
कार्यक्रम के पहले दिन सोमवार को शहर के एक स्थानीय होटल में परिचय एवं प्रारंभिक ब्रीफिंग सत्र आयोजित किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत में जीविका की जिला परियोजना प्रबंधक (डीपीएम) अनीशा ने सभी प्रशिक्षु अधिकारियों का स्वागत करते हुए जिले में संचालित जीविका की संपूर्ण गतिविधियों से अवगत कराया। वहीं, जीविका के प्रबंधकों ने विषयवार प्रस्तुतियों के माध्यम से संस्थागत संरचना, स्वयं सहायता समूहों (एसएचजी) के गठन व संचालन, ग्राम संगठन और संकुल स्तरीय संघ की भूमिका पर विस्तार से प्रकाश डाला।
सत्र के दौरान महिला सशक्तीकरण, वित्तीय समावेशन, स्वरोजगार और आयवर्धक गतिविधियों के जरिए ग्रामीण महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने की प्रक्रिया को साझा किया गया। इसके साथ ही केंद्र व राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में सामुदायिक संस्थाओं के समन्वय को रेखांकित किया गया। सत्र का संचालन संचार प्रबंधक राजीव रंजन ने किया।
मुसहरी और मड़वन के गांवों में होगा पांच दिवसीय प्रवास
प्रारंभिक ब्रीफिंग के बाद सभी 55 प्रशिक्षु अधिकारी जिले के दो प्रखंडों— मुसहरी और मड़वन में पांच दिनों तक क्षेत्रीय भ्रमण एवं ग्राम प्रवास करेंगे। इस दौरान वे जीविका दीदियों के साथ रहकर ग्रामीण जीवनशैली, स्वयं सहायता समूहों के प्रबंधन और आजीविका संवर्धन की गतिविधियों को करीब से देखेंगे। अधिकारी ग्रामीण परिवारों से सीधा संवाद कर स्थानीय जरूरतों और विकास कार्यों में आने वाली व्यावहारिक चुनौतियों को भी समझेंगे।
जनोन्मुखी प्रशासनिक दृष्टिकोण विकसित करने की पहल
प्रशासनिक प्रशिक्षण को व्यावहारिक अनुभव से जोड़ने के लिहाज से यह कार्यक्रम बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इससे प्रशिक्षु अधिकारियों को भविष्य में अपने प्रशासनिक दायित्वों के निर्वहन के दौरान अधिक संवेदनशील, सहभागी और जनोन्मुखी दृष्टिकोण विकसित करने में मदद मिलेगी।
यह सात दिवसीय कार्यक्रम 28 नवंबर को आयोजित समापन सत्र के साथ संपन्न होगा, जिसके बाद सभी प्रशिक्षु अधिकारी वापस बिपार्ड, गयाजी लौट जाएंगे। कार्यक्रम के दौरान मसरूर अहमद, बृजेश कुमार, अजित कुमार सहित बड़ी संख्या में प्रशिक्षु अधिकारी उपस्थित रहे।
