बिहार के चर्चित सासाराम राणा ओम प्रकाश उर्फ बादल हत्याकांड में केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने पटना की विशेष अदालत में चार्जशीट दाखिल कर चौंकाने वाले खुलासे किए हैं। जांच एजेंसी ने तत्कालीन ट्रैफिक डीएसपी मोहम्मद आदिल बिलाल को इस हत्याकांड का मुख्य साजिशकर्ता माना है। महज 10 हजार रुपये की रंगदारी नहीं मिलने पर डीएसपी के आदेश पर उनके बॉडीगार्ड ने सर्विस पिस्टल से फायरिंग कर बादल की जान ले ली थी।
पटना/सासाराम:
सासाराम के बहुचर्चित बादल हत्याकांड की गुत्थी सुलझाते हुए सीबीआई ने पटना की विशेष सीबीआई मजिस्ट्रेट अदालत में आरोप पत्र दाखिल कर दिया है। इस मामले में तत्कालीन ट्रैफिक डीएसपी मोहम्मद आदिल बिलाल के अलावा सिपाही चंद्रमौली नागिया और दो तत्कालीन सब-इंस्पेक्टर भागीरथ कुमार तथा सुभाष कुमार को आरोपी बनाया गया है। इन सभी पर हत्या, रंगदारी और सबूतों से छेड़छाड़ करने की गंभीर धाराएं लगाई गई हैं।
डिनर पार्टी से लौटते समय शुरू हुआ विवाद
सीबीआई की चार्जशीट के अनुसार, 27 दिसंबर 2024 की रात डीएसपी आदिल बिलाल ऑफ-ड्यूटी थे और सादे कपड़ों में दरीगांव स्थित अपने एक दोस्त की डिनर पार्टी से सरकारी बोलेरो गाड़ी में लौट रहे थे। रास्ते में रुपये के लेनदेन को लेकर एक चश्मदीद से उनका विवाद हो गया, जिसने उन्हें 4,700 रुपये नकद दिए थे और शेष राशि ऑनलाइन देने की बात कही थी। इसी बात से नाराज होकर डीएसपी ने गाली-गलौज शुरू कर दी।
जन्मदिन पार्टी में रंगदारी और फिर हत्या
विवाद के बाद रात करीब 10:30 बजे डीएसपी अपने बॉडीगार्ड कालिका सिंह के साथ एक हाता (परिसर) में पहुंचे, जहां बादल अपने साथियों के साथ जन्मदिन मना रहे थे। आरोप है कि डीएसपी ने वहां मौजूद युवकों से 10 हजार रुपये की रंगदारी मांगी। विरोध करने पर उन्होंने बादल को थप्पड़ मार दिया और अपने बॉडीगार्ड को गोली चलाने का आदेश दे दिया। आदेश मिलते ही बॉडीगार्ड ने अपनी सर्विस पिस्टल से पांच राउंड फायरिंग की, जिससे गोली लगने के कारण राणा ओम प्रकाश उर्फ बादल की मौके पर ही मौत हो गई।
सबूत मिटाने और मामले को मोड़ने की कोशिश
जांच में यह भी सामने आया है कि हत्या के बाद पूरे मामले को दबाने और घटना का रूप बदलने की साजिश रची गई। आरोप है कि रात करीब 2:30 बजे डीएसपी ने एक सब-इंस्पेक्टर को मौके पर बुलाया और सदर अस्पताल में बॉडीगार्ड का बयान दर्ज करवाकर घटना के वास्तविक समय को पीछे दिखाने का प्रयास किया। सीबीआई ने कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर इस पूरी साजिश का पर्दाफाश किया है।
