- आय से अधिक संपत्ति में सोने पर नहीं मिलेगी सीधी छूट, बताना होगा स्रोत
- 48 घंटे से अधिक न्यायिक हिरासत में रहने पर माना जाएगा स्वतः निलंबन
पटना। भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई को लेकर माननीय सर्वोच्च न्यायालय (सुप्रीम कोर्ट) ने पिछले एक वर्ष (नवंबर 2025 से 20 नवंबर 2026) के दौरान बिहार निगरानी अन्वेषण ब्यूरो से जुड़े मामलों में तीन अत्यंत महत्वपूर्ण और दूरगामी फैसले सुनाए हैं। कोर्ट ने स्पष्ट कर दिया है कि किसी लोक सेवक की मृत्यु हो जाने मात्र से उसकी अवैध संपत्ति की जब्ती की कार्रवाई खत्म नहीं होगी। साथ ही, आय से अधिक संपत्ति के मामलों में सोने को लेकर मिलने वाली कथित छूट और लोक सेवकों के निलंबन नियमों पर भी स्थिति पूरी तरह साफ कर दी है।
निगरानी अन्वेषण ब्यूरो, बिहार (पटना) द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, सर्वोच्च न्यायालय के इन निर्णयों से भ्रष्टाचार के मामलों में अभियोजन पक्ष को बड़ी मजबूती मिली है। कोर्ट के तीन प्रमुख फैसले इस प्रकार हैं:
1. मृत्यु के बाद भी परिजनों से जब्त हो सकेगी अवैध संपत्ति
सुप्रीम कोर्ट की खंडपीठ ने ‘बिहार राज्य बनाम सुधा सिंह’ एवं ‘बिहार राज्य बनाम उमा देवी’ मामले में 20 मार्च 2026 को एक अहम फैसला सुनाया। कोर्ट ने स्पष्ट किया कि ‘बिहार विशेष न्यायालय अधिनियम, 2009’ के तहत शुरू की गई संपत्ति जब्ती (Confiscation) की कार्रवाई केवल इसलिए स्वतः समाप्त नहीं होगी क्योंकि आरोपी लोक सेवक की मृत्यु हो गई है। यदि कथित अवैध संपत्ति लोक सेवक की पत्नी, निकट संबंधी या किसी अन्य व्यक्ति के नाम पर पाई जाती है और उन्हें कार्रवाई की शुरुआत में विधिवत नोटिस दिया गया था, तो उनके खिलाफ जब्ती की कानूनी प्रक्रिया जारी रहेगी।
2. आय से अधिक संपत्ति में सोने पर स्वतः छूट नहीं, स्रोत बताना अनिवार्य
न्यायमूर्ति के.वी. विश्वनाथन और न्यायमूर्ति अरुण पल्ली की खंडपीठ ने 2 नवंबर 2026 को ‘बिहार राज्य बनाम फूलपरी कुमारी’ मामले में बिहार सरकार की अपील को स्वीकार करते हुए स्पष्ट नियम तय किया। कोर्ट ने कहा कि आय से अधिक संपत्ति की गणना के दौरान केंद्रीय प्रत्यक्ष कर बोर्ड (CBDT) के परिपत्रों (1994 एवं 2016) के तहत निर्धारित मात्रा में सोना रखने का हवाला देकर अभियुक्त स्वतः छूट का दावा नहीं कर सकता। भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 के तहत अभियुक्त को आभूषणों की खरीद या अर्जन का संतोषजनक स्रोत बताना अनिवार्य होगा।
3. 48 घंटे से अधिक जेल में रहने पर ‘स्वतः निलंबन’
निगरानी थाना कांड संख्या-29/2025 के अभियुक्त विश्वजीत सिंह उर्फ विश्वजीत रामानन्द की याचिका पर 6 नवंबर 2026 को पारित आदेश में सुप्रीम कोर्ट ने निलंबन के नियमों को स्पष्ट किया। अदालत ने कहा कि यदि कोई लोक सेवक 48 घंटे से अधिक समय तक न्यायिक हिरासत (जेल) में रहता है, तो वह स्वतः निलंबित (Deemed Suspension) समझा जाएगा। इसके लिए विभाग द्वारा अलग से कोई निलंबन आदेश पारित करने की आवश्यकता नहीं है।
