आरा, भोजपुर : समाहरणालय सभागार में सांसद सुदामा प्रसाद की अध्यक्षता में जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक आयोजित की गई। बैठक में कृषि, आवास, ग्रामीण एवं शहरी विकास, शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, स्वच्छता, सामाजिक सुरक्षा, रोजगार, सड़क, विद्युत एवं रेलवे से संबंधित योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई।
बैठक में बिहार सरकार के योजना एवं विकास विभाग के मंत्री भगवान सिंह कुशवाहा, विधान परिषद सदस्य सोनू राय, विधान परिषद सदस्य जीवन कुमार, विधायक अगिआंव महेश पासवान, विधायक शाहपुर राकेश कुमार, जिला परिषद अध्यक्ष आशा देवी सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं जिला स्तरीय पदाधिकारी उपस्थित रहे।
जिला पदाधिकारी मनेश कुमार मीणा ने प्रस्तुतीकरण के माध्यम से विभिन्न विभागों की योजनाओं, उपलब्धियों एवं कार्यों की वर्तमान स्थिति से समिति को अवगत कराया। बैठक में पात्र लाभुकों तक योजनाओं का लाभ पहुँचाने, लंबित कार्यों में तेजी लाने तथा निर्माण कार्यों की गुणवत्ता एवं नियमित निगरानी सुनिश्चित करने पर बल दिया गया।

जनप्रतिनिधियों ने विद्युत आपूर्ति, ट्रांसफॉर्मर की उपलब्धता एवं क्षमता वृद्धि, जर्जर तारों को बदलने, नहरों में पानी की उपलब्धता, सड़क निर्माण तथा अन्य स्थानीय समस्याओं को उठाया। जिले में ट्रांसफॉर्मर रिपेयरिंग वर्कशॉप की स्थापना की प्रगति तथा रेलवे के प्लेटफॉर्म, शौचालय, अंडरपास एवं पुल से संबंधित प्रस्तावों पर भी चर्चा की गई।
सांसद ने विभागीय समन्वय एवं पारदर्शिता के साथ विकास कार्यों को निर्धारित समयसीमा में पूर्ण करने पर जोर दिया। जिला पदाधिकारी ने संबंधित पदाधिकारियों को समिति के सदस्यों द्वारा उठाए गए मुद्दों पर प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई करने तथा की गई कार्रवाई से संबंधित जनप्रतिनिधियों को अवगत कराने का निर्देश दिया।
