पटना : जी. कृष्णैया हत्याकांड में सजा काट चुके पूर्व सांसद आनंद मोहन ने जेल नियमावली में संशोधन और अपनी रिहाई को लेकर बड़ा सवाल उठाया है।
आनंद मोहन ने कहा कि जेल नियमावली में संशोधन के बाद रिहा हुए लोगों की संख्या 3 हजार से अधिक है। ऐसे में सवाल यह है कि क्या संशोधन के दायरे में आए सभी लोग वापस जेल जाएंगे या सिर्फ उन्हें ही दोबारा जेल जाना पड़ेगा।
उन्होंने कहा कि यह सवाल सिर्फ उनकी रिहाई का नहीं है, बल्कि नियम और न्याय की समानता का है। अगर नियम में बदलाव के बाद रिहाई गलत मानी जाती है, तो उसका असर सभी पर एक समान होना चाहिए।
आनंद मोहन ने इस मुद्दे पर बड़ा अभियान शुरू करने का ऐलान किया है। उन्होंने कहा कि एक महीने के भीतर पूरे बिहार और देश के सामने अपनी बात रखेंगे और बताएंगे कि उन्हें किस बात की सजा दी जा रही है।
उन्होंने कहा कि इस अभियान के तहत जनता के बीच जाकर तथ्य रखे जाएंगे और नियम में संशोधन से रिहा हुए सभी लोगों के मामले पर सवाल उठाया जाएगा।
