राजगीर (नालंदा)। राजगीर में ऑनर किलिंग की आशंका वाली सनसनीखेज वारदात सामने आई है। राजगीर महोत्सव घुमाने के बहाने घर से लाई गई 16 वर्षीय किशोरी की डंडे से पीटकर हत्या कर दी गई। शव राजगीर थाना क्षेत्र के मटिहानी खंधा स्थित सुनसान इलाके में मिला।
मृतका की पहचान पावापुरी ओपी क्षेत्र के दशरथपुर गांव निवासी स्व. नायक सिंह की बेटी अंजलि कुमारी के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, शनिवार को उसकी मां निर्मला देवी और भाई नवीन कुमार उसे राजगीर महोत्सव घुमाने के बहाने घर से लेकर आए थे।
आरोप है कि दोनों ने पहले से दो अन्य लोगों को मटिहानी खंधा के पास बुला रखा था। वहां पहुंचने के बाद किशोरी को सुनसान जगह पर ले जाया गया और उसके सिर पर डंडे से कई वार किए गए। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
डायल-112 की टीम को मटिहानी खंधा के पास एक नाबालिग का शव पड़े होने की सूचना मिली। इसी दौरान दो लोगों को संदिग्ध स्थिति में वहां से भागते देखा गया। पुलिस टीम ने पीछा कर दोनों को पकड़ लिया। बाद में राजगीर थानाध्यक्ष पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पकड़े गए लोगों से शव की पहचान कराई गई तो उन्होंने मृतका को अपनी बेटी और बहन बताया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने एफएसएल टीम को बुलाया। टीम ने घटनास्थल की जांच कर जरूरी साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने मौके से खून लगा एक डंडा भी बरामद किया है।
हिरासत में लिए जाने से पहले निर्मला देवी ने पुलिस को बताया था कि उसकी बेटी अंजलि पटना में इंटर की पढ़ाई करती थी और पिछले छह महीने से गांव में रह रही थी। शनिवार सुबह वह बेटे नवीन और बेटी अंजलि के साथ राजगीर महोत्सव घूमने आई थी। लौटते समय वे खंधा के रास्ते शॉर्टकट से जा रहे थे। इसी दौरान पीछे से आए एक अज्ञात युवक ने डंडे से अंजलि पर हमला कर दिया और फरार हो गया। हालांकि, घटनास्थल से मां-बेटे के भागने और पुलिस की प्रारंभिक जांच में उनकी बताई कहानी संदिग्ध पाई गई।
राजगीर डीएसपी संजीत कुमार गुप्ता ने बताया कि प्रारंभिक पूछताछ में इस वारदात में चार लोगों के शामिल होने की बात सामने आई है। मां और भाई को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। प्रेम-प्रसंग को हत्या की संभावित वजह माना जा रहा है। हालांकि, हत्या के वास्तविक कारणों का खुलासा जांच और पूछताछ के बाद ही हो सकेगा।
डीएसपी ने बताया कि एफएसएल की टीम ने घटनास्थल से कई संदिग्ध सैंपल एकत्र किए हैं। रिपोर्ट आने के बाद पूरे मामले का खुलासा हो सकेगा। वहीं, फरार दो अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।
