ससुराल के दरवाजे पर विवाहिता का अंतिम संस्कार, मायके वालों ने लगाया हत्या का आरोप

Spread the love

मुजफ्फरपुर ( बिहार) : जिला के सदर थाना इलाके के पताही पंचायत के मोहम्मदपुर पताही गांव में मंगलवार की शाम उस वक्त तनाव का माहौल बन गया, जब एक विवाहिता का शव उसके ससुराल पहुंचा और पति के दरवाजे पर ही अंतिम संस्कार कर दिया गया। मृतका की पहचान गांव निवासी चंदन ठाकुर की पत्नी बीभा ठाकुर (35) के रूप में हुई है। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई थी।

विज्ञापन

मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर खाने में जहरीली चीज मिलाकर हत्या करने का आरोप लगाया है। इस संबंध में सदर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह स्पष्ट होगी।

मृतका के भाई आकाश चौधरी ने बताया कि बीभा की शादी 2014 में चंदन ठाकुर से हुई थी। दंपती की 12 साल की एक बेटी है। भाई का आरोप है कि शादी के कुछ माह बाद से ही दोनों के बीच अनबन रहने लगी थी। बीभा अक्सर मायके में इसकी जानकारी देती थी।

आकाश के अनुसार, गर्भावस्था के दौरान भी ससुराल पक्ष की ओर से गर्भपात का दबाव बनाया जाता था। विवाद बढ़ने पर बीभा मायके वालों के साथ अहमदाबाद चली गई थी। प्रसव के बाद वह वापस लौटी थी। पति-पत्नी के बीच तलाक का मुकदमा कोर्ट में चल रहा था, जिसमें 12 दिसंबर को फैसला आना था।

परिजनों के मुताबिक, छठ महापर्व में संध्या अर्घ्य से एक दिन पहले बीभा की तबीयत अचानक खराब हो गई। उसने फोन पर मायके वालों को जानकारी दी। इसके बाद मौसेरे भाई राहुल उसे लेकर प्रसाद हॉस्पिटल पहुंचा, जहां भर्ती कराया गया।

आकाश का कहना है कि अस्पताल में डॉक्टरों ने लीवर और किडनी बुरी तरह खराब होने की बात कही। परिवार को आशंका है कि खाने में कोई जहरीला पदार्थ दिया गया होगा। हालांकि, अभी तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। इलाज के दौरान ही बीभा ने दम तोड़ दिया।

मौत की सूचना मिलते ही मायके पक्ष के लोग आक्रोशित हो गए। वे शव लेकर मोहम्मदपुर पताही पहुंचे और ग्रामीणों की मौजूदगी में पति के दरवाजे पर ही दाह संस्कार कर दिया।

इस दौरान भावुक हुए भाई आकाश ने कहा कि जीते जी बहन को ससुराल में जगह नहीं मिली, इसलिए मरने के बाद उसका अंतिम संस्कार पति के दरवाजे पर किया गया, ताकि वह हमेशा के लिए यहीं रहे।

फिलहाल पुलिस प्राथमिकी के आधार पर मामले की जांच कर रही है।

Please follow and like us:
Verified by MonsterInsights