आसनसोल। टीएमसी सांसद कल्याण बनर्जी के बयान पर बीजेपी नेता अग्निमित्रा पॉल ने तीखा पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि बंगाल और बंगाली संस्कृति कोई विभाजनकारी राजनीति नहीं है, जैसी राजनीति तृणमूल कांग्रेस पिछले 15 सालों से करती आई है।
अग्निमित्रा पॉल ने कहा, “इन लोगों ने पिछले 15 सालों तक कोई काम नहीं किया और आज की सरकार जब कुछ अच्छा करने का प्रयास कर रही है तो वे उसे हतोत्साहित कर रहे हैं।”
उन्होंने छठ पूजा को लेकर उठ रहे सवालों पर भी निशाना साधा। पॉल ने कहा, “आज क्रिसमस में हम लोग हजारों-लाखों की संख्या में जश्न मनाते हैं, तब तो आप कुछ नहीं कहते हैं? हम छठ पूजा में ऐसा क्यों नहीं करेंगे? वे लोग भी भारतीय हैं, वे हमारे देश का बहुत बड़ा हिस्सा हैं। हम लोग विभाजनकारी राजनीति नहीं करते हैं।”
अग्निमित्रा पॉल ने आगे कहा, “आज आपकी छवि धूमिल हो गई है क्योंकि आप विभाजनकारी राजनीति करते हैं। बंगाल के लोग, चाहें वो हिंदू हों, बिहारी हों या मुसलमान हों, सबके दिमाग में एक बात आ चुकी है कि हमें बंगाल को आगे लेकर जाना है।”
