पटना, बिहार: केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (MNS) प्रमुख राज ठाकरे के बयान पर तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि त्योहारों को राजनीति से दूर रखना चाहिए, क्योंकि त्योहार जोड़ने का काम करते हैं, तोड़ने का नहीं।
चिराग पासवान ने कहा, “त्योहारों को थोपा नहीं जाता है, त्योहारों को मनाया जाता है। हर कोई उतने ही श्रद्धा भाव से एक-दूसरे के त्योहारों से जुड़ता है तो नतीजतन न केवल उन पर्वों का बल्कि आपके पर्वों का भी महत्व बढ़ जाता है।”
उन्होंने आगे कहा कि उन्होंने हमेशा त्योहारों को राजनीति से दूर रखा है। भारत जैसे लोकतांत्रिक देश में हर किसी को यह अनुमति है कि वह अपने श्रद्धा भाव से खुलकर इन त्योहारों को मनाए।
छठ महापर्व का जिक्र करते हुए केंद्रीय मंत्री ने कहा, “छठ लोक आस्था का महापर्व है। मैं नहीं मानता कि किसी राजनीतिक दल के कुछ कहने से या किसी प्रकार की रोक लगाने से इस पर्व का महत्व रत्ती भर भी कम होगा।”
बता दें कि छठ पर्व को लेकर महाराष्ट्र में दिए गए बयानों के बाद बिहार समेत देशभर में राजनीतिक प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं।
