चेहरा गल गया था, हाथ का ‘क्रांति’ टैटू बोल उठा: यही हैं ASI चंद्रमोहन सिंह

Spread the love

दरभंगा: शव इतना सड़-गल चुका था कि चेहरा देखकर कोई पहचान नहीं पा रहा था। आंख-नाक-कान सब क्षतिग्रस्त थे। लेकिन दाहिने हाथ की कलाई पर बना एक टैटू ही आखिरी पहचान बन गया। उस पर लिखा था ‘क्रांति’। इसी निशान को देखकर बक्सर से आए भाइयों ने कहा, यही हमारा छोटा भाई, ASI चंद्रमोहन सिंह है।

मधुबनी के बाबूबरही थाना क्षेत्र के राजा बलिराजगढ़ किला के पास झाड़ी में 12 नवंबर को शव मिला था। गुरुवार शाम करीब 8 बजे स्थानीय लोगों ने झाड़ी में शव देखा था। मौके से बैग, लैपटॉप, आधार कार्ड, पैन कार्ड, कपड़े और ASI की सरकारी पिस्टल भी बरामद हुई थी।

मधुबनी के न्यायिक दंडाधिकारी के आदेश पर शुक्रवार को बाबूबरही थानाध्यक्ष राहुल कुमार शव लेकर दरभंगा मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचे थे, लेकिन देर रात तक परिजन नहीं पहुंचे तो पोस्टमार्टम टाल दिया गया।

शनिवार देर शाम बक्सर के चिलहरी गांव से बड़े भाई पप्पू राय और तीसरे भाई बलबीर राय समेत पांच परिजन DMCH पहुंचे। पोस्टमार्टम कक्ष में उन्होंने दाहिने हाथ की कलाई पर बने टैटू और ‘क्रांति’ शब्द को देखा और शव की पहचान अपने छोटे भाई के रूप में की।

पहचान के बाद भी भाइयों ने वैज्ञानिक पुष्टि के लिए DNA जांच की मांग की है। इसके बाद तीन सदस्यीय मेडिकल बोर्ड ने वीडियोग्राफी के बीच विशेष पोस्टमार्टम कराया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया और वे शव लेकर बक्सर रवाना हो गए।

पोस्टमार्टम से जुड़े सूत्रों के अनुसार, ASI का सिर चपटा अवस्था में मिला। आशंका जताई गई है कि किसी भारी वस्तु से सिर को कुचला गया हो सकता है। शरीर पर भी कई जगह जख्म के निशान मिले हैं। रिपोर्ट करीब पांच दिनों में पुलिस को मिलने की बात कही गई है। मौत की असली वजह रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगी।

भाइयों ने साफ कहा, यह हादसा नहीं, हत्या है। उनका आरोप है कि साजिश के तहत चंद्रमोहन सिंह को गांव में बुलाया गया और हत्या कर दी गई।

परिजनों ने पुलिस की थ्योरी पर भी सवाल उठाया। उनका कहना है कि 12 इंच की खिड़की से भागने की बात कही जा रही है, जो संभव ही नहीं है। उन्होंने मुख्यमंत्री से बाबूबरही थानाध्यक्ष और मधुबनी SSP की भूमिका की जांच कराने और पूरे मामले की CBI जांच की मांग की है। परिजनों ने सरकार से मुआवजा और आश्रित पत्नी को नौकरी देने की भी मांग की है।

चंद्रमोहन सिंह (42) बक्सर जिले के डुमरांव थाना क्षेत्र के चिलहरी गांव के रहने वाले थे। वे मधुबनी के बाबूबरही थाने में ASI के पद पर पदस्थापित थे और उनकी ड्यूटी बलिराजगढ़ पुलिस पिकेट पर थी।

2 नवंबर की रात उन पर एक घर में घुसने का आरोप लगा था। ग्रामीणों द्वारा घेर लिए जाने पर हुई फायरिंग में एक ग्रामीण की मौत हो गई थी, जबकि तीन अन्य घायल हो गए थे। इस घटना के बाद से ही चंद्रमोहन सिंह की तलाश की जा रही थी। पुलिस ने उनकी तलाश के लिए 12 टीमें बनाई थीं, जो नेपाल, मधुबनी और बक्सर में खोजबीन कर रही थीं।

चंद्रमोहन सिंह चार भाइयों में सबसे छोटे थे। पिता का दो वर्ष पहले निधन हो चुका है, वे सेना में नौकरी करते थे। मां बीमार हैं। पत्नी नीलू सिंह और दो पुत्र और एक पुत्री पटना में किराए के मकान में रहती हैं। बड़ी पुत्री 13 वर्ष, पुत्र 11 और 8 वर्ष के हैं।

भाई बलवीर राय ने बताया कि शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे उन्हें फोन पर घटना की जानकारी मिली थी। उन्होंने कहा कि दाह संस्कार के बाद परिवार इस मामले में प्राथमिकी दर्ज कराएगा।

Please follow and like us:
Verified by MonsterInsights