श्रम प्रवासन पर राष्ट्रीय संगोष्ठी संपन्न, सुरक्षित और सम्मानजनक प्रवासन पर बनी नीतिगत सहमति

Spread the love

पटना : बिहार सरकार के श्रम संसाधन एवं प्रवासी श्रमिक कल्याण विभाग तथा इंस्टीट्यूट फॉर ह्यूमन डेवलपमेंट (IHD) के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित तीन दिवसीय राष्ट्रीय संगोष्ठी “श्रम प्रवासन” का अंतिम दिन विचार-विमर्श और नीतिगत सुझावों के साथ संपन्न हुआ।

अंतिम दिन पहले सत्र में “Changing Patterns of Migration in Bihar” विषय पर चर्चा हुई। इसमें बिहार में श्रम प्रवासन के बदलते स्वरूप, प्रवासन के कारणों, प्रवासी श्रमिकों की बदलती प्रोफाइल, प्रमुख गंतव्य राज्यों एवं कार्यक्षेत्रों में आए बदलाव पर विस्तार से बात हुई।

वक्ताओं ने कहा कि अब प्रवासन केवल मजदूरी के लिए नहीं रह गया है, बल्कि यह आजीविका के साधन के रूप में बदल रहा है। प्रेषित धनराशि (Remittances) की गरीबी उन्मूलन में भूमिका पर भी चर्चा हुई। बताया गया कि प्रवासी श्रमिकों द्वारा भेजी गई राशि से ग्रामीण परिवारों की आर्थिक स्थिति, शिक्षा, स्वास्थ्य और आवास में सुधार हो रहा है।

दूसरे सत्र में “Towards Safe, Dignified and Productive Migration – Policy Priorities for Bihar” विषय पर पैनल चर्चा हुई। इसमें प्रवासी श्रमिकों से संबंधित डेटाबेस एवं सूचना प्रणाली को मजबूत करने पर जोर दिया गया।

पैनल में श्रमिकों के पंजीकरण एवं सहायता व्यवस्था, सामाजिक सुरक्षा योजनाओं की पोर्टेबिलिटी एवं समन्वय, स्रोत और गंतव्य राज्यों के बीच संस्थागत सहयोग, सुरक्षित भर्ती एवं शोषणकारी बिचौलियों पर रोक, कौशल विकास एवं प्रमाणन जैसे मुद्दों पर विचार-विमर्श हुआ।

महिला प्रवासियों और उनके परिवारों के लिए सहायता तंत्र, बेहतर आवास एवं शहरी सुविधाओं तक पहुंच तथा लौटने वाले प्रवासी श्रमिकों के पुनर्वास को भी नीतिगत प्राथमिकताओं में शामिल किया गया।

संगोष्ठी में निष्कर्ष के रूप में कहा गया कि प्रवासन को रोकने के बजाय उसे सुरक्षित, सम्मानजनक और उत्पादक बनाना ही बिहार की नीति की दिशा होनी चाहिए।

Please follow and like us:
Verified by MonsterInsights