पटना : चतुर्थ कृषि रोड मैप (2023-28) के प्रभावी क्रियान्वयन और निर्धारित लक्ष्यों की प्राप्ति को लेकर शुक्रवार को कृषि भवन, मीठापुर, पटना में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता कृषि उत्पादन आयुक्त अरविंद कुमार चौधरी ने की।
बैठक में कृषि विभाग के प्रधान सचिव नर्मदेश्वर लाल, सहकारिता विभाग के सचिव धर्मेन्द्र सिंह, डेयरी, मत्स्य एवं पशु संसाधन विभाग के सचिव शीर्षत कपिल अशोक, विशेष सचिव बीरेंद्र प्रसाद यादव, कृषि निदेशक मुकेश कुमार लाल, अपर सचिव अमित कुमार पांडे एवं उद्यान निदेशक अभिषेक कुमार सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ पदाधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में बाजार समितियों के विकास एवं आधुनिकीकरण, जैविक कॉरिडोर के विस्तार, उद्यानिक फसलों के उत्पादन एवं क्षेत्र विस्तार, कृषि वानिकी तथा प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई।
साथ ही मत्स्य एवं मांस की स्वच्छ और गुणवत्तापूर्ण बिक्री के लिए आधुनिक सेल प्वाइंट विकसित करने तथा अंडा उत्पादन क्षमता बढ़ाने पर भी जोर दिया गया।
बैठक में चतुर्थ कृषि रोड मैप के लक्ष्यों की समयबद्ध प्राप्ति, योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन एवं विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया गया, ताकि किसानों की आय में वृद्धि, ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती तथा बिहार के कृषि क्षेत्र का समग्र विकास सुनिश्चित हो सके।
