पटना: समाहरणालय स्थित सभाकक्ष में जिला कार्यक्रम कार्यान्वयन समिति की बैठक उप मुख्यमंत्री-सह-जिले के प्रभारी मंत्री विजय कुमार चौधरी की अध्यक्षता में आयोजित की गई।
बैठक के प्रारंभ में जिलाधिकारी कुंदन कुमार ने उप मुख्यमंत्री-सह-जिले के प्रभारी मंत्री सहित उपस्थित सभी जनप्रतिनिधियों का स्वागत किया। उन्होंने बैठक के प्रमुख एजेंडों की जानकारी देते हुए बताया कि पटना जिले में तीन नए नगर निकायों के गठन तथा चार नगर परिषदों के क्षेत्र विस्तार से संबंधित प्रस्तावों पर प्रमुखता से विचार किया जाना है।

बैठक में नगर परिषद कुरथोल (फुलवारी शरीफ), नगर परिषद उलार (दुल्हिन बाजार) एवं नगर पंचायत दनियावां के नए नगर निकायों के रूप में गठन के प्रस्तावों पर चर्चा की गई। साथ ही, नगर परिषद बाढ़, नगर परिषद मसौढ़ी, नगर परिषद फतुहा एवं नगर परिषद बख्तियारपुर के क्षेत्र विस्तार के प्रस्तावों पर भी विचार किया गया।
बैठक में उपस्थित समिति के सदस्यों एवं जनप्रतिनिधियों ने उक्त प्रस्तावों के संबंध में अपने-अपने सुझाव एवं विचार रखे। प्रभारी मंत्री ने जिलाधिकारी एवं उप विकास आयुक्त को निर्देश दिया कि प्राप्त सुझावों की नियमानुसार समीक्षा करते हुए आवश्यक अग्रेतर कार्रवाई सुनिश्चित करें।
बैठक के दौरान कुछ सदस्यों एवं जनप्रतिनिधियों द्वारा सड़कों की मरम्मत सहित अन्य स्थानीय समस्याओं एवं विकास कार्यों से संबंधित मामले भी उठाए गए। इस पर प्रभारी मंत्री ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि वे संबंधित विधायकों एवं अन्य जनप्रतिनिधियों से समन्वय स्थापित कर उठाए गए मामलों में अपेक्षित कार्रवाई सुनिश्चित करें।

उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि किसी भी मामले में कार्रवाई करने अथवा कार्रवाई से संबंधित प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के लिए अगली बैठक की प्रतीक्षा नहीं की जाए। संबंधित कार्य पूर्ण होते ही इसकी सूचना एवं कार्रवाई से संबंधित प्रतिवेदन संबंधित जनप्रतिनिधियों को भी उपलब्ध कराया जाए। बैठक में पिछली बैठक के बिंदुओं के अनुपालन पर भी चर्चा की गई।
बैठक में सहकारिता मंत्री राम कृपाल यादव, सांसद पाटलिपुत्र मीसा भारती, सांसद राज्यसभा भीम सिंह, सदस्य बिहार विधानसभा रामानंद यादव, संजीव चौरसिया, श्याम रजक, संदीप सौरव, रत्नेश कुमार, अरुण मांझी, सियाराम सिंह, संजय कुमार, सदस्य बिहार विधान परिषद कार्तिक कुमार, शशि यादव, संजीव कुमार, महापौर पटना नगर निगम सीता साहू, अध्यक्ष जिला परिषद पटना कुमारी स्तुति समेत समिति के सदस्यगण, संबंधित विभागों के पदाधिकारी एवं अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।
