तिरहुत और सारण का शानदार प्रदर्शन, अंडर-14 क्रिकेट के सेमीफाइनल में बनाई जगह

Spread the love

समस्तीपुर : चौकों-छक्कों और रोमांचक मुकाबलों के बीच गुरुवार को समस्तीपुर में राज्य स्तरीय अंतर प्रमंडलीय विद्यालय अंडर-14 क्रिकेट प्रतियोगिता शुरू हुआ। शहर के पटेल मैदान में आयोजित चार दिवसीय अंडर-14 बालक क्रिकेट प्रतियोगिता के पहले ही दिन टीमों के बीच कड़ा संघर्ष देखने को मिला।

शुरुआती मुकाबलों में तिरहुत और सारण प्रमंडल ने जीत का परचम लहराते हुए सीधे सेमीफाइनल में जगह बनाई, जबकि मेजबान दरभंगा ने पूर्णिया को हराकर क्वार्टर फाइनल का टिकट हासिल किया। अब क्वार्टर फाइनल में दरभंगा का सामना पटना प्रमंडल से होगा।

खेल विभाग, बिहार सरकार, बिहार राज्य खेल प्राधिकरण एवं जिला प्रशासन, समस्तीपुर के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस प्रतियोगिता का उद्घाटन उप विकास आयुक्त सूर्य प्रताप सिंह एवं जिला खेल पदाधिकारी विवेक कुमार शर्मा ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इसके बाद डीडीसी ने तिरहुत एवं सारण प्रमंडल के खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया और स्वयं क्रिकेट खेलकर प्रतियोगिता का विधिवत शुभारंभ किया।

इस अवसर पर नगर आयुक्त गौतम कुमार, सदर एसडीओ राकेश कुमार, जिला क्रिकेट संघ के सचिव सोनू झा, कोच ब्रजेश झा, सतीश कुमार, राहुल कुमार, रजनीश कुमार, उमेश कुमार, निखिल कुमार, विग्नेश कुमार, अंशु कुमार सहित बड़ी संख्या में खेलप्रेमी मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान जिला खेल पदाधिकारी ने सभी आगंतुक अतिथियों के साथ बिहार अंडर-19 टीम के कप्तान मोहम्मद आलम एवं वरिष्ठ अंपायर मुकेश वर्मा को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया। समारोह का मंच संचालन प्रधानाध्यापक अनंत कुमार राय एवं शिक्षक सुभीत कुमार सिंह ने किया।
तिरहुत ने रोमांचक मुकाबले में कोसी को हराया
प्रतियोगिता के पहले मैच में तिरहुत प्रमंडल ने कोसी को तीन विकेट से पराजित किया। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी कोसी की टीम ने उज्ज्वल सिंह के 26 और साकिब आलम के 15 रनों की बदौलत 15 ओवर में 90 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी तिरहुत की टीम ने श्रेयांस संजू के 19 तथा नयुम सिद्दीकी के 14 रनों के सहारे 14 ओवर में सात विकेट पर 91 रन बनाकर मुकाबला अपने नाम कर लिया।
युवराज के नाबाद अर्धशतक से सारण की बड़ी जीत
दूसरे मुकाबले में सारण प्रमंडल ने भागलपुर को 10 विकेट से करारी शिकस्त दी। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने वाली भागलपुर की टीम 12 ओवर में छह विकेट पर केवल 62 रन ही बना सकी। छोटे लक्ष्य का पीछा करते हुए सारण के युवराज ने नाबाद 52 रनों की शानदार पारी खेली। सत्यम ने भी आठ रनों का योगदान दिया। दोनों बल्लेबाजों ने छह ओवर में ही बिना विकेट गंवाए 63 रन बनाकर टीम को शानदार जीत दिला दी।
मेजबान दरभंगा ने 38 रनों से दर्ज की जीत
दिन के तीसरे मुकाबले में मेजबान दरभंगा प्रमंडल ने पूर्णिया को 38 रनों से हराकर अगले दौर में प्रवेश किया। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए दरभंगा ने आदित्य राज के 27, सुफियान के 26 और प्रियांशु राज के 14 रनों की मदद से 12 ओवर में पांच विकेट पर 99 रन बनाए। जवाब में उतरी पूर्णिया की टीम दरभंगा के गेंदबाजों के सामने संघर्ष करती रही और पूरी टीम 61 रनों पर सिमट गई।

इस जीत के साथ दरभंगा ने क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई, जहां उसका मुकाबला पटना प्रमंडल से होगा।

मैचों में बक्सर के राजीव कमल मिश्रा, मुजफ्फरपुर के सन्नी वर्मा, खगड़िया के मनोहर कुमार, बेगूसराय के शाहिद अख्तर, पटना के अविनाश शुक्ला, संजय कुमार सिंह एवं धनंजय कुमार तथा पूर्णिया के राघव ठाकुर ने अंपायर की भूमिका निभाई। प्रतियोगिता के तकनीकी एवं व्यवस्थागत संचालन में बीसीसीआई क्यूरेटर भागलपुर के देवीशंकर, जिला खेल विभाग के अंशु सिन्हा एवं कुंदन कुमार तथा स्कोरर सतीश कुमार ने सराहनीय योगदान दिया।

गौरतलब है कि पटेल मैदान में बिहार के उभरते क्रिकेट सितारों वैभव सूर्यवंशी, अनुकूल राय एवं मोहम्मद आलम के आकर्षक होर्डिंग्स भी खिलाड़ियों और खेलप्रेमियों के बीच विशेष आकर्षण का केंद्र रहे।

Please follow and like us:
Verified by MonsterInsights