पटना: निगरानी अन्वेषण ब्यूरो, बिहार, पटना ने आय से अधिक संपत्ति के मामले में बड़ी कार्रवाई की है। ग्रामीण कार्य विभाग के कार्यपालक अभियंता अजीत कुमार दास के खिलाफ 1,52,04,880 रुपये के आय से अधिक संपत्ति अर्जन का कांड दर्ज किया गया है।
निगरानी थाना कांड सं0-137/26, दिनांक 23.11.2026 में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 (संशोधित 2018) की धारा-13(2) सह पठित धारा 13(1)(बी) के तहत मामला दर्ज हुआ है।
अजीत कुमार दास वर्तमान में जाँच एवं गुणवत्ता प्रमंडल, ग्रामीण कार्य विभाग, भागलपुर प्रमंडल, कुप्पा घाट, भागलपुर के कार्यपालक अभियंता हैं। इनके पास जाँच एवं गुणवत्ता प्रमंडल, ग्रामीण कार्य विभाग, बेलन बाजार, मुंगेर का अतिरिक्त प्रभार भी है।
जांच में अजीत कुमार दास, इनकी पत्नी एवं परिजनों के नाम से कुल 16 अचल संपत्तियां पाई गई हैं, जिनका कुल मूल्य 2,54,24,880 रुपये है। इसके अलावा 3 चल संपत्ति पाई गई है, जिसका कुल मूल्य 12,30,000 रुपये है। यह इनकी कुल ज्ञात आय से करीब 80 प्रतिशत अधिक है।
6 ठिकानों पर तलाशी
विशेष न्यायालय, निगरानी, पटना से प्राप्त सर्च वारंट के आलोक में निगरानी अन्वेषण ब्यूरो, पटना के 6 तलाशी दल द्वारा 26.11.2026 को अजीत कुमार दास के 6 ठिकानों की तलाशी की जा रही है।
ये ठिकाने पटना, भागलपुर, नवगछिया, कटिहार, मुंगेर एवं सासाराम स्थित आवास/कार्यालय हैं।
इसके अलावा कटिहार में गौशाला चौक, मनिहारी रोड स्थित सुरेश सिंह के किराये के मकान में स्थित एक अन्य निवास स्थान तथा वर्तमान पदस्थापन अधीक्षण अभियंता, जाँच एवं गुणवत्ता नियंत्रण, सासाराम प्रमंडल कार्यालय की भी तलाशी की जा रही है।
कहां-कहां रहे पदस्थापित
(i) वर्ष 2014-2017 तक सहायक अभियंता, मढ़ौरा, छपरा
(ii) वर्ष 2017-2020 तक सहायक अभियंता, बारसोई, कटिहार
(iii) वर्ष 2020-2024 तक सहायक अभियंता, किशनगंज
(iv) वर्ष 2024-2025 तक गुणवत्ता लैब नियंत्रण, सासाराम
(v) वर्ष 2025 से जून 26 तक जाँच एवं गुणवत्ता, ग्रामीण कार्य विभाग, भागलपुर प्रमंडल
(vi) वर्ष जुलाई 26 से अब तक जाँच एवं गुणवत्ता, ग्रामीण कार्य विभाग, सासाराम प्रमंडल के पद पर कार्यरत हैं।
तलाशी में क्या मिला
तलाशी के क्रम में अभियुक्त द्वारा अपने एवं अपने परिजनों के नाम से अर्जित की गई संपत्ति से संबंधित निम्नांकित अभिलेख/निवेश के दस्तावेज बरामद किए गए हैं :-
(i) पटना स्थित 2 फ्लैट का डीड।
(ii) बैंक/शेयर/एलआईसी में निवेश से संबंधित कागजात बरामद।
(iii) सिलीगुड़ी के महंगे व्यावसायिक इलाके में वर्ष 2021 में 10 डीड, कुल मिलाकर 92 डिसमिल जमीन इनकी पत्नी के नाम पर आरोपी के द्वारा खरीदा गया है, जिसे वार्षिक संपत्ति ब्यौरा में आरोपी के द्वारा नहीं दिखाया गया है। स्थानीय बाजार भाव के हिसाब से यह संपत्ति लगभग 10 करोड़ से अधिक की प्रतीत होती है।
उल्लेखनीय है कि इस अवधि में ये सहायक अभियंता, किशनगंज, ग्रामीण कार्य विभाग में पदस्थापित थे। इसके अतिरिक्त भी डीड मिले हैं जिन्हें जांचा जा रहा है।
कांड का अनुसंधान/तलाशी कार्य जारी है।
