भागलपुर : कृषि प्रौद्योगिकी प्रबंध अभिकरण (आत्मा), भागलपुर की ओर से जिले के किसानों के लिए मशरूम उत्पादन, प्रसंस्करण एवं विपणन विषय पर दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। यह प्रशिक्षण 26 एवं 27 नवंबर को आयोजित होगा।
कार्यक्रम का उद्घाटन प्रेमशंकर प्रसाद, जिला कृषि पदाधिकारी-सह-परियोजना निदेशक, आत्मा, भागलपुर, प्रभात कुमार सिंह एवं बिपुल, उप परियोजना निदेशक, आत्मा, अनिता कुमारी, वरीय वैज्ञानिक एवं प्रधान, कृषि विज्ञान केंद्र, सबौर, भागलपुर, प्रिया कुमारी, प्रखंड कृषि पदाधिकारी, आत्मा तथा स्वर्णसंध्या भारती एवं शीला देवी, साधनसेवी एवं मशरूम उद्यमी प्रशिक्षक ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।

तकनीकी सत्र में अनिता कुमारी ने प्रतिभागियों को बताया कि मशरूम पौष्टिक एवं औषधीय गुणों से भरपूर है तथा इसका उत्पादन कम भूमि एवं कम जल में किया जा सकता है। उन्होंने आयस्टर मशरूम, बटन मशरूम एवं मिल्की मशरूम उगाने की संपूर्ण प्रक्रिया, कम्पोस्ट तैयार करना, गुणवत्तापूर्ण बीज (स्पॉन) की बुआई, तापमान एवं नमी का प्रबंधन, तुड़ाई एवं भंडारण तथा रोगों से बचाव की जानकारी दी।
प्रेमशंकर प्रसाद ने बताया कि महिला एवं पुरुष किसानों द्वारा आत्मा, भागलपुर के प्रशिक्षण कार्यक्रमों में भाग लेकर कृषि से जुड़े क्षेत्रों में स्वरोजगार के अवसर विकसित किए जा रहे हैं। मशरूम उत्पादन एवं व्यवसाय के क्षेत्र में स्वर्णसंध्या भारती तथा शीला देवी द्वारा किए जा रहे प्रयास समाज के अन्य किसान परिवारों के लिए स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराने में अहम योगदान दे रहे हैं। मशरूम अपनी गुणवत्ता एवं उपयोगिता के कारण कम लागत एवं कम समय में सफल व्यवसाय का अवसर प्रदान करता है।
प्रभात कुमार सिंह ने बताया कि कम लागत और कम जगह में वैज्ञानिक तरीके से मशरूम उत्पादन एवं व्यवसाय से संबंधित विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी गई। उन्होंने मशरूम की पैकेजिंग, प्रसंस्करण तथा स्थानीय बाजार में इसकी बिक्री के तरीके भी बताए। उन्होंने मशरूम उत्पादन को एक लाभकारी उद्यम बताते हुए महिला कृषि उद्यमियों एवं बेरोजगार युवाओं को स्वरोजगार अपनाने तथा आय बढ़ाने के लिए प्रोत्साहित किया।
साधनसेवी स्वर्णसंध्या भारती एवं शीला देवी ने किसानों के साथ अपना अनुभव साझा करते हुए बताया कि किस प्रकार प्रशिक्षण प्राप्त कर बहुत छोटे स्तर से इसकी शुरुआत की और आज अच्छी वार्षिक आमदनी कर रही हैं तथा अन्य लोगों को रोजगार भी दे रही हैं। उन्होंने बताया कि वे स्वयं स्पॉन तैयार कर मशरूम के विभिन्न उत्पाद बनाकर सफलतापूर्वक व्यवसाय स्थापित कर चुकी हैं। मशरूम को मूल्यवर्धित उत्पादों में परिवर्तित कर इसके विभिन्न उत्पाद, जैसे मशरूम का अचार, बड़ी, सूखा मशरूम एवं मशरूम पाउडर तैयार कर बाजार में बेचने से अच्छी कमाई हो रही है। उन्होंने बताया कि विशेष साफ-सफाई एवं गुणवत्तापूर्ण बीज के आधार पर मशरूम का सफल उत्पादन किया जा सकता है।
प्रायोगिक सत्र में प्रशिक्षु किसानों को गेहूं के भूसे से खाद तैयार करने की विधि बताई गई।
इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में जिले के विभिन्न प्रखंडों से कुल 142 महिला एवं पुरुष किसानों ने भाग लिया। कार्यक्रम में राजीव लोचन, निक्की श्वेता, जयंती प्रिया, क्यूरी कुमारी, इति कुमारी, प्रखंड तकनीकी प्रबंधक एवं आनंद कुमार, रविशीला कुमारी, सहायक तकनीकी प्रबंधक तथा निहारकान्त झा, पंकज कुमार, मुकेश कुमार, बंधन कुमार, लेखापाल, हितेश चन्द्र एवं राज कुमार मंडल उपस्थित रहे।
अंत में प्रभात कुमार सिंह, उप परियोजना निदेशक, आत्मा द्वारा धन्यवाद ज्ञापन के साथ आज के प्रशिक्षण सत्र का समापन किया गया।
