नालंदा : बिहार की गौरवशाली विरासत, समृद्ध सांस्कृतिक परंपरा और ऐतिहासिक धरोहर के प्रतीक राजगीर महोत्सव 2026 का भव्य उद्घाटन 26 नवंबर 2026 को उप मुख्यमंत्री बिजेन्द्र प्रसाद यादव के हाथों हुआ।

उद्घाटन के साथ ही ऐतिहासिक नगरी राजगीर उत्सव, उमंग और उल्लास के रंगों से सराबोर हो उठी। महोत्सव का शुभारंभ बिहार की समृद्ध लोक संस्कृति, कला, संगीत और परंपराओं के भव्य प्रदर्शन के साथ हुआ।

राजगीर महोत्सव केवल एक सांस्कृतिक आयोजन नहीं, बल्कि बिहार की गौरवशाली ऐतिहासिक विरासत, आध्यात्मिक परंपरा और सांस्कृतिक विविधता को विश्व पटल पर प्रतिष्ठित करने का सशक्त माध्यम है। यह महोत्सव राज्य की सांस्कृतिक पहचान को नई ऊंचाइयां देने के साथ-साथ पर्यटन, स्थानीय कला और प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने का महत्वपूर्ण अवसर भी है।
तीन दिवसीय इस महोत्सव में देश की समृद्ध सांस्कृतिक परंपराओं की झलक, मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां तथा विविध आकर्षक आयोजन दर्शकों को अविस्मरणीय अनुभव प्रदान करेंगे।

उद्घाटन समारोह में ये रहे मौजूद
ग्रामीण विकास विभाग सह सूचना एवं जन संपर्क विभाग के मंत्री श्रवण कुमार, नालंदा सांसद कौशलेन्द्र कुमार, विधान परिषद सदस्य रीना यादव, विधान परिषद सदस्य संजीव कुमार, अस्थावां विधायक जितेंद्र कुमार, बिहार शरीफ विधायक सुनील कुमार, हिलसा विधायक कृष्ण मुरारी शरण उर्फ प्रेम मुखिया, राजगीर विधायक कौशल किशोर, इस्लामपुर विधायक रूहेल रंजन, इस्लामपुर के पूर्व विधायक चन्द्रसेन प्रसाद, राजगीर नगर परिषद की मुख्य पार्षद जीरो देवी, नालंदा जिलाधिकारी उदिता सिंह, पुलिस अधीक्षक हृदयकांत, उप विकास आयुक्त सारा अशरफ, बिहारशरीफ नगर निगम के नगर आयुक्त कृत्यानंद रंजन, अपर समाहर्ता राजीव रंजन कुमार सिन्हा, अपर समाहर्ता (विभागीय जांच) राजन कुमार चौधरी एवं संबंधित विभागीय पदाधिकारी मौजूद रहे।
राजगीर महोत्सव 2026 — संस्कृति का संगम, विरासत का उत्सव, बिहार का गौरव!
