बिहार पुलिस में बड़ा बदलाव: 2025 बैच के 10 प्रशिक्षु IPS अधिकारियों को मिले जिले, सिदक सिंह को मिली पटना की कमान

Spread the love

पटना : बिहार की कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करने की दिशा में राज्य सरकार के गृह विभाग (आरक्षी शाखा) ने एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है। विभाग ने भारतीय पुलिस सेवा (IPS) के 2025 बैच (78 आरआर) के 10 परीक्ष्यमान पदाधिकारियों के जिला व्यावहारिक प्रशिक्षण (District Practical Training) को लेकर आधिकारिक अधिसूचना जारी कर दी है।

राजगीर अकादमी में देंगे योगदान

हैदराबाद स्थित सरदार वल्लभभाई पटेल राष्ट्रीय पुलिस अकादमी से प्रथम चरण का प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूरा करने के बाद ये सभी 10 अधिकारी आगामी 22 नवंबर 2026 को बिहार पुलिस अकादमी, राजगीर (नालंदा) में अपना योगदान समर्पित करेंगे। इसके पश्चात, इन्हें 29 सप्ताह के जिला व्यावहारिक प्रशिक्षण के लिए सहायक पुलिस अधीक्षक (ASP) के रूप में राज्य के विभिन्न जिलों में तैनात किया जाएगा।

प्रशिक्षु IPS अधिकारियों की सूची और आवंटित जिले:

​गृह विभाग द्वारा जारी सूची के अनुसार, अधिकारियों को उनके नाम के सामने अंकित जिलों में प्रशिक्षण हेतु भेजा गया है:

​सिदक सिंह (गृह राज्य: पंजाब) — पटना, आशीष कुमार (गृह राज्य: बिहार – मोतिहारी) — मुंगेर, कोशिंदर (गृह राज्य: राजस्थान) — रोहतास, मो. ताबिश हसन (गृह राज्य: बिहार – नालंदा) — भागलपुर, नवनीत आनंद (गृह राज्य: बिहार – पूर्णिया) — मुजफ्फरपुर, सहर्स कुमार (गृह राज्य: पश्चिम बंगाल) — मोतिहारी, शुभम (गृह राज्य: हरियाणा) — गयाजी, विजय राघव गोयल (गृह राज्य: राजस्थान) — समस्तीपुर, विनय कुमार (गृह राज्य: हिमाचल प्रदेश) — भोजपुर, विश्व वर्द्धन (गृह राज्य: बिहार – पटना) — दरभंगा

गृह विभाग ने जारी किया आदेश

बिहार के राज्यपाल के आदेश से सरकार के अवर सचिव दीपक कुमार के हस्ताक्षर से यह अधिसूचना (संख्या-1/पी01-01/2020 गृ०आ० 13725) जारी की गई है। इसकी प्रतिलिपि महालेखाकार सहित संबंधित सभी जिलों के कोषागार पदाधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के लिए भेज दी गई है।

Please follow and like us:
Verified by MonsterInsights