इमरान मसूद ने कहा – हमने 26 सीट मांगी ही नहीं, फिर भी घोषणा कर दी गई, ये तरीका गठबंधन के लिए सही नहीं
लखनऊ: समाजवादी पार्टी द्वारा उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए उम्मीदवारों की पहली सूची जारी करने पर कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है।
इमरान मसूद ने कहा, “ये सपा का अपना निर्णय है, वे अपने निर्णय के लिए स्वतंत्र हैं। मैं उनके निर्णय पर कुछ नहीं बोल सकता।”
उन्होंने कहा कि गठबंधन के अंदर चर्चा चल रही थी। गठबंधन बैठक के बाद इस तरह घोषणा हो सकती है और कहा जाए कि 26 का प्रस्ताव दें।
इमरान मसूद ने कहा, “26 सीट तो हमने मांगी भी नहीं। हमने आपसे नहीं कहा कि हमें कौन-सी सीट दीजिए और आपने वो सीट पर घोषणा कर दी। जिनकी हमने मांग भी नहीं की थी। ये तरीका गठबंधन के लिए सही तरीका नहीं है।”
उन्होंने कहा कि गठबंधन को बनाने के लिए गंभीरता की जरूरत है। हम सहयोगी हो सकते हैं और हम चाहते हैं कि बीजेपी हारे और बीजेपी को हारने की गारंटी राहुल गांधी हैं।
इमरान मसूद ने कहा, “ये बीजेपी को हराने की दिशा में कदम नहीं है तो हमारे समझ में नहीं आ रहा आप कर क्या रहे हैं। ऐसे आप 403 सीटों पर भी घोषणा कर दें। हमें क्या फर्क पड़ रहा है?”
उन्होंने सवाल उठाया, “आप 26 सीट देकर क्या संदेश दे रहे हो? तो ये दिखाई दे रहा है कि आप गठबंधन के प्रति गंभीर नहीं हो।”
